ताजा खबरराष्ट्रीय

Rahul Gandhi की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की जगह में बदलाव, अब इंफाल से नहीं थौबुल से होगी शुरुआत; जानें वजह

इंफाल। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद अब कांग्रेस ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू कर रही है। जब इस यात्रा की घोषणा हुई थी तब बताया गया था कि राहुल 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से यात्रा शुरू करेंगे, लेकिन अब इसका स्थान बदल दिया गया है। अब राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जाने वाली यह यात्रा इंफाल से 34 किलोमीटर दूर थौबुल से शुरू होगी।

कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा कि इंफाल के हट्टा कांगजेइबुंग मैदान से यात्रा शुरू करने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन राज्य सरकार ने कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी। इस कारण अंतिम क्षण में कार्यक्रम स्थल में बदलाव करना पड़ा जो पूर्वनियोजित स्थल से 34 किलोमीटर दूर है।

मणिपुर सरकार की शर्तों की वजह से बदलाव

कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा कि हमने दो जनवरी को राज्य सरकार को प्रस्ताव दिया था कि इंफाल में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को हट्टा कांगजेइबुंग मैदान से हरी झंडी दिखाए जाने की अनुमति दी जाए। हमने यह भी घोषणा की थी कि यात्रा इंफाल से शुरू होगी और मुंबई में संपन्न होगी। हमने 10 जनवरी को इस संबंध में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से मुलाकात की थी, लेकिन हमें बताया गया कि अनुमति नहीं दी जाएगी। बाद में उस रात एक आदेश जारी किया गया, जिसमें हट्टा कांगजेइबुंग मैदान के लिए अनुमति तो दे दी गई लेकिन इसमें शामिल होने वाले लोगों की संख्या सीमित कर दी गई।

मेघचंद्र ने कहा कि राज्य से कांग्रेस के एक दल ने फिर से मुख्य सचिव विनीत जोशी के साथ पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह और इंफाल पूर्व के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक के साथ मुलाकात की। हमें बताया गया कि कार्यक्रम स्थल पर 1,000 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी। अनुमति नहीं मिलने पर हम चिंतित थे। थौबल के उपायुक्त ने बृहस्पतिवार देर रात जिले के खोंगजोम इलाके में एक निजी मैदान से यात्रा को हरी झंडी दिखाने की अनुमति दे दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे वहां से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

14 राज्यों को कवर करेगी यात्रा

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 जनवरी को मणिपुर में भारत न्याय यात्रा को झंडा दिखाएंगे। ये यात्रा 20 मार्च को जाकर मुंबई में खत्म होगी। कांग्रेस की ये यात्रा पहले की तरह पूरी पैदल नहीं होगी। इस मेगा यात्रा में बस का इस्तेमाल किया जाएगा। भारत न्याय यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी। 6200 किलोमीटर की इस यात्रा में कांग्रेस जिन राज्यों को कवर करेगी, उनमें मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं।

भारत न्याय यात्रा क्यों रखा गया नाम ?

वहीं, जब कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश से पूछा गया कि इस यात्रा का नाम न्याय यात्रा क्यों रखा गया, तो उन्होंने कहा कि हम जनता को आश्वासन को दिलाना चाहते हैं कि आर्थिक, सामाजिक और रणनीतिक न्याय उपलब्ध कराएंगे। पहली यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरी थी, जबकि ये दूसरी यात्रा 14 राज्यों से होकर गुजरेगी।

कांग्रेस पार्टी के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य ‘घृणा, भय और कट्टरता’ की राजनीति से लड़ना था। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लोगों की आकांक्षाओं की उपेक्षा और राजनीतिक केंद्रीकरण व अन्याय के खिलाफ लड़ना है।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक की थी भारत जोड़ो यात्रा

इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद करेंगे ‘भारत न्याय यात्रा’, मणिपुर से 14 जनवरी से शुरू होगा सफर, 6200 किमी की यात्रा मुंबई में होगी खत्म

संबंधित खबरें...

Back to top button