PM मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में होगा सेवा संकल्प अभियान शुरू, 36 लाख दीयों जलाकर BJP करेगा उजाला

प्रेम कुमार,रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए प्रदेशभर में 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और जिला मुख्यालयों में अलग-अलग सेवा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
36 लाख दीयों से गूंजेगा सेवा का संदेश
BJP ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े अवसर को प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारी की है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम होंगे। हर बूथ पर 100 आशीर्वाद के दीये जलाने के लक्ष्य के हिसाब से प्रदेशभर में करीब 36 लाख दीये जलाए जाएंगे। इन दीयों के जरिए प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की जाएगी।
संभाग से विकासखंड तक होंगे कार्यक्रम
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार अभियान केवल राजधानी या जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा। सभी संभागीय, जिला और विकासखंड मुख्यालयों पर सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। BJP ने अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है, ताकि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनभागीदारी से जोड़कर मनाया जा सके।
बस्तर में गांव-गांव जलेगा आशीर्वाद का दीया
अभियान में बस्तर को भी विशेष तौर पर शामिल किया गया है। ‘बस्तर सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गांव-गांव आशीर्वाद के दीये जलाने की तैयारी है।BJP का फोकस बस्तर के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने और सेवा एवं विकास से जुड़े संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर रहेगा।
यह भी पढ़ें: PU Special: विसर्जन के बाद मिट्टी से उगेंगे पौधे, रायपुर जेल में बंदियों ने बनाई 500 बीजयुक्त गणेश प्रतिमाएं
स्कूलों में बच्चे बनाएंगे ‘सेवा चित्र’
सेवा संकल्प अभियान में स्कूली बच्चों को भी जोड़ा जाएगा। स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें बच्चे पेंटिंग के माध्यम से सेवा, विकास और बदलाव से जुड़े विषयों को सामने रखेंगे। इसके अलावा स्कूलों और पंचायतों में ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों और बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम भी होगा। इसमें फल वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही ‘कहानी बदलाव के बीच’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल से जुड़े प्रमुख फैसलों और बदलावों की जानकारी कहानी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: IGKV में पेपर लीक के बाद फिर शुरू हुई परीक्षा, 3 विषयों के एग्जाम दोबारा, नई व्यवस्था पर बड़ा सवाल
रंगोली से लेकर सेवा योगदान तक
BJP के अभियान में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी शामिल रहेगा। इसके जरिए सेवा कार्यों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा के रंग-रंगोली प्रतियोगिता’ के तहत अलग-अलग कलाकार हिस्सा लेंगे। सरकारी और अन्य कार्यालयों में भी सेवा की थीम पर रंगोली बनाने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
अभियान का एक बड़ा कार्यक्रम 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इस दिन ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत सभी जिला मुख्यालयों में मशाल लाई जाएगी और उसे निर्धारित स्थान पर रखा जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर LED स्क्रीन लगाने की भी तैयारी है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के जिला मुख्यालयों को संबोधित करेंगे।
‘जनसेवा का महाकुंभ’ में जुटेंगे जनप्रतिनिधि
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत ‘जनसेवा का महाकुंभ’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसमें पंचायत स्तर से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों के राष्ट्रीय स्तर पर एक जगह जुटने की योजना है। छत्तीसगढ़ से भी जनप्रतिनिधियों की पूरी टीम इस कार्यक्रम में शामिल होगी।
BJP का फोकस: जन्मदिन से जनसेवा तक
कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ BJP प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सिर्फ एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय इसे सेवा, विकास, जनभागीदारी और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी में है। 36 लाख दीये, बस्तर में गांव-गांव कार्यक्रम, स्कूलों में सेवा चित्र, आंगनबाड़ी में आंगन का मिलन और 7 अक्टूबर की सेवा ज्योति यात्रा अभियान को व्यापक रूप देने की रणनीति का हिस्सा हैं।



















