Bomb Threat :पटना सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसमें लिखा था कि ठीक दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में 5 बम धमाके होंगे। ई-मेल में आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए थे। जैसे ही यह मेल मिला, पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कोर्ट परिसर कराया खाली
धमकी मिलते ही सुरक्षा के लिहाज से पटना सिविल कोर्ट को तुरंत खाली करा लिया गया। कोर्ट को बंद कर दिया गया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। फिलहाल पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चल रहा है। डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर मौजूद है।
अन्य जिलों के कोर्ट को भी धमकी
जानकारी के मुताबिक, पटना के साथ-साथ दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस और प्रशासन सभी जगह अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
छठी बार मिली धमकी
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की यह छठी धमकी है। आज कोर्ट में सांसद पप्पू यादव से जुड़े एक मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन धमकी के चलते सुनवाई टाल दी गई। इससे पहले 9 फरवरी को भी ऐसी ही धमकी मिली थी, जिस दिन उनकी सुनवाई होनी थी।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
9 फरवरी को पटना के अलावा भागलपुर और औरंगाबाद सिविल कोर्ट को भी बम धमाके की धमकी मिली थी। उस दिन सुरक्षा कारणों से वकीलों ने न्यायिक कामकाज बंद कर दिया था। हालांकि, जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
डर और सतर्कता का माहौल
एक बार फिर बम धमाके की धमकी से कोर्ट परिसर में भय का माहौल है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश जारी है।











