राष्ट्रीय

Assam : कई स्थानों पर भारी ओलावृष्टि, 4 हजार से अधिक घरों को नुकसान… 18,000 लोग प्रभावित; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

डिब्रूगढ़/तिनसुकिया (असम)। असम के डिब्रूगढ़ जिले में कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि होने से 500 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। मंगलवार को अधिकारियों ने ये जानकारी दी। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 घंटों के दौरान असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है और बिजली गिर सकती है।

132 गांवों में सबसे ज्यादा नुकसान

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चराइदेव और शिवसागर जिलों के 132 गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इसके तकरीबन 18,000 लोग प्रभावित हैं। इसके मुताबिक 4,481 घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 2 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।

डिब्रूगढ़ जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात एवं मंगलवार तड़के मोरन, तिंगखोंग, नहरकटिया और अन्य इलाकों में ओलावृष्टि हुई। उन्होंने बताया कि इससे जिले में भारी नुकसान हुआ है और मोरन अनुमंडल में शुरुआती आकलन के अनुसार, 37 गांवों में 310 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इधर, तिंगखोंग के 21 गांवों में 202 मकानों को नुकसान पहुंचा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी तिनसुकिया जिले में मंगलवार सुबह खेतोजन चाय बागान में ओलावृष्टि हुई, लेकिन नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है।

असम के CM ने अधिकारियों को दिए निर्देश

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि तेज ओलावृष्टि के कारण मोरन और तिंगखोंग राजस्व मंडल के तहत कई घरों को नुकसान होने की खबर है। साथ ही उन्होंने ट्वीट कर लिखा- अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया गया है। प्रभावित सभी लोगों को सरकार हरसंभव मदद दे रही है।

मौसम विज्ञान ने जताई बर्फबारी की संभावना

गुवाहाटी में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बुलेटिन में कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में विभन्न स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की ‘संभावना’ है। शेष अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा पड़ने की संभावना है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए कहा है कि पूर्वोत्तर के सात राज्यों में विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है और बिजली गिर सकती है।

ये भी पढ़ें: Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर, MP में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड; कई राज्यों में अलर्ट जारी

अन्य राष्ट्रीय खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button