राष्ट्रीय

Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर, MP में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड; कई राज्यों में अलर्ट जारी

नई दिल्ली। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में ठंड ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली समेत उत्‍तर भारत के अधिकांश राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। दिल्ली में पारा 3 डिग्री तक पहुंच गया है। चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में शीतलहर के साथ घना कोहरा भी छाया हुआ है। इन राज्यों में ठंडी हवाएं चलने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ने का अलर्ट जारी किया है। नए साल पर सर्दी का सितम और बढ़ने के आसार हैं।

इन राज्यों में कड़ाके की ठंड

  • मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे और कड़ाके की ठंड की स्थिति अभी और बढ़ सकती है।
  • पंजाब के कुछ हिस्सों और ओडिशा के कुछ हिस्सों के साथ-साथ उत्तर पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा और त्रिपुरा में एक या दो स्थानों पर घना कोहरा संभव है।
  • हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है।
  • मौसम विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक इस सीजन के सबसे सर्द दिन हो सकते हैं।

पंजाब के कई हिस्सों में रहेगा घना कोहरा

देश के कई राज्यों में कोहरे के दस्तक के साथ-साथ विजिबिलिटी लो होने लगी है। IMD के मुताबिक अगले दो दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। लुधियाना, अमृतसर, चंडीगढ़ समेत कई शहरों में ऐसे ही हालात बने रहेंगे।

माइनस में जा सकता है रात का पारा

चंडीगढ़ और पंजाब में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रविवार रहा। साल 2020 के बाद का अधिकतम तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आने वाले कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा के कुछ इलाकों में रात का तापमान माइनस में जा सकता है। वहीं, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात का 1 से 4 डिग्री के बीच रहेगा।

उत्तराखंड: शीत लहर को लेकर यलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में ठंड बढ़ सकती है। ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार जिलों में शीत लहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। दोनों ही जिलों में घना कोहरा भी छाने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड

पहाड़ों से आई सीधी बर्फीली हवा की वजह से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अपना रुख बदलना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश में बीते 48 घंटे से ठंड में इजाफा हुआ है। अधिक्तर इलाकों में तापमान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से आसपास पहुंच गया है। सुबह और शाम के समय में तेज गलन होने लगी है।

राजधानी भोपाल में ठंड ने 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। क्रिसमस के दिन 6 साल में दूसरी बार ऐसा हुआ जब राजधानी में दिन में इतनी ठंड पड़ी हो। शहर में सोमवार रात से ठंड में और इजाफा होगा। रात के तापमान में दो डिग्री से ज्यादा की गिरावट होने की संभावना है।

ऐसी होगी नए साल की शुरुआत

नए साल की शुरुआत में कुछ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी। वहीं उत्तर के पहाड़ी राज्यों से लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी और उत्तरी मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाएगा। इसके अलावा नए साल के पहले हफ्ते में दक्षिणी राज्यों को छोड़कर देशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button