
भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नबा किशोर दास की रविवार को मौत हो गई। नबा किशोर दास रविवार को झारसुगुड़ा जिले में एक कार्यक्रम में गए थे। यहां एक एएसआई ने उन्हें तौर पर गोली मार दी थी। घटना ब्रजराजनगर कस्बे में दोपहर करीब एक बजे हुई जब मंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
जिस ASI ने मंत्री को गोली मारी थी, उसका नाम गोपाल दास बताया जा रहा है। गोली लगने से मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम उनकी मौत हो गई। आरोपी एएसआई को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
CM ने दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वे सरकार और पार्टी दोनों के लिए एक संपत्ति थे। उनका निधन ओडिशा राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।
आरोपी ASI गिरफ्तार
पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है।
क्राइम ब्रांच करेगी जांच
स्वास्थ्य मंत्री पर हमले के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा कि मैं इस हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच को घटना की जांच करने का निर्देश दिया गया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा गया है।
ASI ने स्वास्थ्य मंत्री को क्यों मारी गोली
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर गए हुए थे। स्वास्थ्य मंत्री जब अपनी गाड़ी से बाहर निकले तभी एक ASI गोपालदास ने ही नब दास पर हमला कर दिया। हालांकि उन पर फायरिंग क्यों की गई, इसकी वजह अबतक सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद बीजेडी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए, जिसके बाद मौके पर तनाव बढ़ गया।
#ओडिशा : #स्वास्थ्य_मंत्री #नबा_दास पर फायरिंग, सीने में लगी #गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती@nabadasjsg #GunFire #PeoplesUpdate #OdishaHealthMinister #Odishanews pic.twitter.com/uRAW80sNCX
— Peoples Samachar (@psamachar1) January 29, 2023
झरसागुड़ा सीट से तीसरी बार विधायक चुने गए
ओडिशा की झरसागुड़ा सीट से साल 2004 में पहली बार नब किशोर दास ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और वह हार गए। इसके बाद उन्होंने साल 2009 में एक बार फिर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और वो जीत गए। साल 2014 में भी वे कांग्रेस की टिकट से जीते। साल 2019 के चुनाव में नब दास लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। उन्हें क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।
सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे नब दास
साल 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान नब किशोर दास पोर्न देखते पकड़े गए थे। जिसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी द्वारा उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया गया था। वहीं इस मामले में नब किशोर का कहना था कि, उन्होंने अपने जीवन में आज तक कोई भी एडल्ट वीडियो नहीं देखा है। यह इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान गलती से हो गया। जैसे ही मुझे पता चला, मैंने इसे बंद कर दिया था।
मंदिर में दान किया था एक करोड़ का सोना
बीजू जनता दल के सीनियर नेता नब दास ने महाराष्ट्र के एक मंदिर में सोने का कलश दान किया था। इस कलश की कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक थी। उन्होंने महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किए थे। यह देश के प्रसिद्ध शनि मंदिरों में से एक है।