भोपालमध्य प्रदेश

MP Weather Update : 14 मार्च से फिर शुरू होगा बारिश-ओलावृष्टि का दौर… किसानों की चिंता बढ़ी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में असमय बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की मानें तो 14 मार्च को नया सिस्टम एक्टिव होगा, जिससे 15 मार्च से गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। जो तीन-चार दिन तक चलेगा। इसके साथ ही तेज हवा, आंधी और ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई जा रही है।

एक्टिव होगा नया सिस्टम!

मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर से आने वाली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 मार्च से फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। 15 मार्च से पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश का सिस्टम एक्टिव होगा। अरब सागर से आने वाली हवाओं के चलते दक्षिण मध्य प्रदेश के इलाकों में बारिश होगी। इस दौरान बारिश के साथ ओले गिरने और तेज आंधी चलने की भी संभावना है। इससे बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, बड़वानी समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़ आदि जिलों में बारिश के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में भी इसका असर रहेगा। 18 मार्च तक यह सिस्टम एक्टिव रहेगा।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम ?

मौसम विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, सागर, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर एवं शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई तथा शेष संभागों में मौसम शुष्क रहा। नईगढ़ी, ब्यौहारी, सतना में सेमी. बारिश हुई। अधिकतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वह भोपाल, ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में काफी गिरे तथा शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वह भोपाल, शहडोल संभागों के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रीवा में दर्ज किया गया।

जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि अगले 24 घंटों के दौरान उमरिया, अनूपपुर, सीधी, शहडोल, सिंगरौली एवं बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button