भोपालमध्य प्रदेश

MP Panchayat Chunav 2022 : पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग कल, मतदान दल रवाना

भोपाल। मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 25 जून को पहले चरण का मतदान होगा। शनिवार को ग्राम पंचायत में सरपंच और पंच, जनपद और जिला पंचायत में सदस्यों के लिए चुनाव होना है। प्रशासनिक तैयारियों के रूप में मतदान दल शुक्रवार शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगे।

प्रदेश की 115 जनपद पंचायत में होगा मतदान

प्रथम चरण में 52 जिलों में 115 जनपद पंचायत की 8 हजार 702 ग्राम पंचायत में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक तक होगा। इसमें 27 हजार 49 मतदान केंद्र में एक करोड़ 49 लाख 23 हजार 165 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

भोपाल से ग्राम पंचायतों के लिए मतदान दल को सामग्री का वितरण किया गया।

भोपाल की फंदा और बैरसिया जनपद मेें वोटिंग

भोपाल जिले में पंचायत चुनाव के लिए फंदा और बैरसिया में कुल 575 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिसमें फंदा जनपद में 266 और बैरसिया में 309 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।जहां पर टीमें रवाना कर दी गई है। अधिकांश बूथ स्कूल, सामुदायिक भवन या आंगनबाड़ी केंद्रों में बने हैं। फंदा जनपद में 96 और बैरसिया में 126 ग्राम पंचायतें हैं। दो पंचायतें निर्विरोध चुन ली गई हैं। ऐसे में कुल 222 की बजाय 220 पंचायतों में सरपंच-पंच के चुनाव होंगे। वहीं, जिला पंचायत के 10 और दोनों जनपदों के 49 सदस्यों के लिए मतदान होगा। एक जनपद में सदस्य निर्विरोध चुना गया है।

इंदौर जिले में पहले चरण के चुनाव

पहले चरण में इंदौर जिले की 331 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए चुनाव होना है। इनमें से 16 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध रूप से सरपंच चुन लिए गए हैं, जबकि एक पंचायत में कोई नामांकन-पत्र नहीं आया है। इस तरह 314 पंचायतों में सरपंच चुनने के लिए मतदान किया जाएगा। इसके अलावा 4555 पंच पदों में से 1438 पदों के लिए मतदान होगा, जबकि शेष 3117 पदों पर एकल नामांकन-पत्र आने से वे निर्विरोध चुन लिए जाएंगे।

जिले की 4 जनपद पंचायतों के 100 सदस्य पदों में से सांवेर जनपद पंचायत में दो सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। इसलिए 98 पदों के लिए मतदान होगा। जिला पंचायत सदस्य की 17 सीटों में से सभी पर मतदान होगा। इनमें दो या इससे अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 1217 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई है।

जबलपुर की 270 पंचायतों में होगी वोटिंग

पहले चरण के तहत जबलपुर के 4 ब्लॉकों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होना है। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को मॉडल हाई स्कूल में तमाम मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया। पहले चरण में जबलपुर की 4 ब्लॉकों की 270 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इसके लिए 780 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button