MP Rajya Sabha Election:राज्यसभा की तीसरी सीट पर महासंग्राम: BJP ने उतारे महेश केवट, कांग्रेस से मीनाक्षी नटराजन का नामांकन

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर राजनीति पूरी तरह गर्म हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल मानकर चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। बीजेपी ने इस सीट से महेश केवट को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया है। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए है।
बीजेपी उम्मीदवार महेश केवट ने भरा नामांकन
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार महेश केवट ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान पार्टी का पूरा नेतृत्व उनके साथ मौजूद रहा, जिससे बीजेपी ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भरोसा जताया कि बीजेपी इस चुनाव में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने तीसरे उम्मीदवार को भी जीत की ओर लेकर जाएगी। उनका बयान साफ तौर पर यह दिखाता है कि बीजेपी इस सीट को लेकर पूरी तरह आत्मविश्वास में है।

बीजेपी नेताओं का जीत का दावा
इस दौरान बीजेपी के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी पार्टी की स्थिति को मजबूत बताते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बीना विधानसभा की विधायक निर्मला सप्रे बीजेपी के साथ ही बनी रहेंगी।
उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि राज्यसभा चुनाव में हर विधायक का वोट निर्णायक भूमिका निभा सकता है। बीजेपी नेताओं के लगातार ऐसे दावों से यह साफ है कि पार्टी अपनी स्थिति को मजबूत मानकर आगे बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें: BRICS Agriculture Summit 2026: इंदौर में जुटेंगे 20 देशों के प्रतिनिधि, खाद्य सुरक्षा से लेकर AI खेती तक होगा मंथन
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन
दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी पूरी ताकत के साथ अपनी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारा है। नामांकन के समय कांग्रेस का पूरा शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। मीनाक्षी नटराजन के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कई विधायक विधानसभा पहुंचे। सभी ने मिलकर नामांकन प्रक्रिया पूरी की।
मीनाक्षी नटराजन ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। उनके बयान से कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी के अंदर किसी तरह की कोई दरार नहीं है।

CM मोहन यादव ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर बीजेपी की जीत का दावा दोहराया है। उन्होंने कहा कि तीसरे उम्मीदवार महेश केवट एक योग्य प्रत्याशी हैं, जिन्होंने समय पर नामांकन दाखिल किया है और उन्हें भगवान राम का आशीर्वाद प्राप्त है। सीएम ने कहा कि बीजेपी सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर काम कर रही है और हर वर्ग को उच्च सदन में उचित प्रतिनिधित्व देना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि बीजेपी के सभी प्रत्याशी चुनाव में जीत दर्ज करेंगे और पार्टी तब तक पूरी सक्रियता के साथ काम करती रहेगी जब तक जीत सुनिश्चित नहीं हो जाती।
उम्मीदवार सिर्फ प्रतीक होता है
मीनाक्षी नटराजन ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं है। उम्मीदवार केवल एक प्रतीक होता है, जबकि असली लड़ाई पार्टी की विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी।
यह भी पढ़ें: नर्मदापुरम में सनसनीखेज वारदात : खेत में सो रही बुजुर्ग महिला पर हमला, बदमाशों ने सिर पर मारी ईंट और लूट ले गए जेव
कांग्रेस का एकजुटता का दावा
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सभी विधायक एक साथ खड़े हैं और पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। मीनाक्षी नटराजन ने भी साफ कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं है, बल्कि पूरे संगठन की है। कांग्रेस का फोकस इस बात पर है कि पार्टी के अंदर कोई क्रॉस वोटिंग न हो और सभी विधायक पार्टी लाइन पर ही बने रहें। यही वजह है कि पार्टी लगातार अपने नेताओं के साथ बैठकें कर रही है और रणनीति को मजबूत कर रही है।
मीनाक्षी नटराजन ने क्रॉस वोटिंग की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं। पार्टी को अपने सभी जनप्रतिनिधियों पर पूरा भरोसा है और किसी तरह की टूट या बगावत की कोई संभावना नहीं है।
BJP विधायकों को CM हाउस से आया बुलावा
इसी दौरान BJP विधायकों को मुख्यमंत्री निवास से फोन कॉल आया था। सभी विधायकों को एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए CM हाउस बुलाया गया। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। BJP विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि पार्टी संगठन के निर्देश पर तीसरा उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा गया। उन्होंने विश्वास जताया कि मतगणना के दिन बीजेपी का उम्मीदवार जीत हासिल करेगा।
यह भी पढ़ें: Twisha Sharma Case : गिरिबाला तक पहुंच रही थीं केस डायरी की जानकारियां? रस्सी जब्ती में भी मिली खामी, प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल
विधायकों को दूसरे राज्यों में भेजने की चर्चा
रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस ने अपने कुछ विधायकों को दिल्ली और कुछ को तेलंगाना भेजा है। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इन खबरों ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तीसरी सीट के लिए मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है और दोनों दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
विधानसभा पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी विधानसभा पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल और पीसी शर्मा भी मौजूद रहे। हालांकि मीडिया से बातचीत के दौरान अरुण यादव और कमलेश्वर पटेल ने किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: MP से महाराष्ट्र ले जाई जा रही 800 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, मानपुर पुलिस ने 75 लाख की खेप पकड़ी
5 से 15 करोड़ तक दिए जा रहे ऑफर- विक्रांत भूरिया
कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जिससे उसकी रणनीति साफ हो गई है। हालांकि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी के सभी विधायक 18 तारीख को मीनाक्षी नटराजन को विजयी बनाकर राज्यसभा भेजेंगे।
भूरिया ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित किए गए तीन उम्मीदवारों में एक भी महिला को मौका नहीं दिया गया। इससे भाजपा की कथनी और करनी का फर्क साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर आत्ममंथन करना चाहिए।
विक्रांत भूरिया ने खरीद-फरोख्त के आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि कई विधायकों को फोन कॉल कर 5 करोड़, 10 करोड़ और 15 करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव दिए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतना पैसा कहां से आ रहा है। भूरिया ने कहा कि यह जनता का और भ्रष्टाचार का पैसा है। हालांकि कांग्रेस के सभी विधायकों ने ऐसे प्रस्तावों को ठुकरा दिया है और पार्टी के पास इसकी पूरी जानकारी मौजूद है।
दिग्विजय सिंह का बयान- ‘कांग्रेस एकजुट, भाजपा भ्रम फैलाने में लगी’
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। उनके अनुसार कांग्रेस के सभी विधायक, नेता और कार्यकर्ता मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं और किसी भी तरह की टूट या मतभेद की कोई स्थिति नहीं है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता और दृढ़ता के साथ अपनी राजनीतिक लड़ाई को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा की राजनीति, उसके चाल-चरित्र और चेहरे को जनता के सामने उजागर कर दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन में किसी भी तरह का भ्रम या आंतरिक मतभेद नहीं है। पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनावी मुकाबले में उतरी है और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है।
भाजपा पर उमंग सिंघार का हमला
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है, इसके बावजूद उसने तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी कीमत पर चुनाव जीतना चाहती है और सरकार गिराने की राजनीति कर रही है। लेकिन कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल और बहुमत है, इसलिए पार्टी को अपनी जीत का पूरा भरोसा है।
उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा पहले भी कई राज्यों में सरकारें गिराने की कोशिश करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों से संपर्क करना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है।
क्यों अहम है तीसरी सीट का चुनाव?
मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीसरी सीट इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों इस सीट को प्रतिष्ठा का सवाल मान रही हैं। यही वजह है कि दोनों दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और मतदान के दिन होने वाले राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हुई हैं। फिलहाल राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल चरम पर है और आने वाले दिनों में राजनीतिक घटनाक्रम और तेज होने की संभावना है।











