CG NEWS:MP से महाराष्ट्र ले जाई जा रही 800 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, मानपुर पुलिस ने 75 लाख की खेप पकड़ी

RAIPUR NEWS। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के मानपुर में पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को जब्त किया है। बरामद शराब और ट्रक की कुल कीमत 75.28 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
मानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर एक ट्रक महाराष्ट्र सीमा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीएम कार्यालय मानपुर के पास मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान सीजी 15 डीजेड 4515 नंबर का ट्रक जांच के लिए रोका गया।पुलिस को देखकर चालक घबराकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बलराम सिंह डांगी निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में बताई।
यह भी पढ़ें: CG News: डॉक्टरों ने मृत बताया, अंतिम संस्कार से पहले जिंदा हुआ युवक! एम्बुलेंस में हिले हाथ-पैर, VIDEO वायरल
ट्रक से मिली 800 पेटी शराब
ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 100 पेटी रॉयल स्टेज, 300 पेटी बीयर और 400 पेटी गोवा व्हिस्की शामिल है। कुल मिलाकर करीब 800 पेटी शराब ट्रक में लोड थी। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत लगभग 50.28 लाख रुपये है, जबकि जब्त ट्रक की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती 75.28 लाख रुपये की हुई है।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: जांजगीर-चांपा जिला जेल में 4 कैदी HIV पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन में हड़कंप
महाराष्ट्र के गडचिरोली में सप्लाई की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि शराब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी। इस खेप को महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले की सीमा से लगे गांवों में खपाने की तैयारी थी। आरोपी ने यह भी बताया कि महाराष्ट्र के शैलेश नामक व्यक्ति के निर्देश पर शराब की डिलीवरी की जानी थी। पुलिस अब इस व्यक्ति सहित पूरे सप्लाई नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।
बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं तार
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी किसी संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क के बिना संभव नहीं है। मामले में शराब सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, परिवहन श्रृंखला और आर्थिक लेन-देन की जांच भी शुरू कर दी गई है।












