नर्मदापुरम में सनसनीखेज वारदात :खेत में सो रही बुजुर्ग महिला पर हमला, बदमाशों ने सिर पर मारी ईंट और लूट ले गए जेवर

नर्मदापुरम जिले के तालनगरी गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक वारदात हुई। 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला, जो खेत में बनी अस्थायी झोपड़ी (टपरिया) में अकेली सो रही थीं, उन पर बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के सिर पर गंभीर वार किया और उनके जेवर लूटकर फरार हो गए।
सुबह परिजनों को मिला खून से लथपथ हालत में
सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जब परिजन खेत पहुंचे तो उन्होंने महिला को खटिया से करीब 10 फीट दूर जमीन पर बेहोश हालत में पड़ा पाया। महिला के सिर से काफी खून बह चुका था और उनके कपड़े भी खून से सने हुए थे। परिजनों ने तुरंत देखा कि उनके हाथों में पहने चांदी के कड़े और अन्य जेवर गायब थे।
ईंट से हमले की आशंका
घटनास्थल पर खटिया के पास खून के निशान और एक ईंट मिलने से पुलिस को शक है कि बदमाशों ने सोते समय महिला के सिर पर ईंट से हमला किया। माना जा रहा है कि वार के बाद महिला बचने के लिए कुछ दूर तक गईं और फिर गिर गईं, जिसके बाद आरोपी जेवर लेकर भाग गए।
खेत में अकेले रहते थे बुजुर्ग
परिजनों के अनुसार परिवार का मुख्य मकान गांव में है, जबकि खेत पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी वजह से बुजुर्ग महिला और उनका बेटा छोटेलाल खेत में बनी टपरिया में रहते थे। घटना की रात छोटेलाल किसी काम से गांव वाले घर चले गए थे, जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की जांच की।
घायल बुजुर्ग महिला को नर्मदापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि मामला लूट और हत्या के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।











