कोटा बन रही स्टूडेंट सुसाइड सिटी, एक और छात्र ने दी जान, फंदे पर लटका मिला शव, 12 दिन में तीसरी खुदकुशी

कोटा। शहर में रहकर कोचिंग कर रहे स्टूडेंट्स के सुसाइड की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कोटा से एक और स्टूडेंट्स के सुसाइड का मामला सामने आया है। शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक फांसी के फंदे पर लटक गया। वह पीजी में रहकर बीटेक कर रहा था। हालांकि, सुसाइड की वजह अभी पता नहीं चली है क्योंकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने शव को हॉस्पिटल की मर्चुरी में भेज दिया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ऐसे हुआ घटना का खुलासा
मृतक नूर मोहम्मद उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के वीरपुर का निवासी था। नूर पीजी में रहकर बीटेक की ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था। इसकी सूचना पुलिस को मकान मालिक ने दी। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि नूर शाम के समय टिफिन मंगवाता था। मैस से एक लड़का हर दिन आकर शाम को टिफिन रखकर चला जाता था। दूसरे दिन वही लड़का फिर टिफिन लेकर आया तो देखा पहले वाला टिफिन वही रखा हुआ है। दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उसके बाद देर रात पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो नूर का शव पंखे से लटका हुआ था। उसके बाद पुलिस ने शव को उतारा।












