ये कैसी हैवानियत...! पति ने पत्नी को 12 साल तक रखा घर में कैद, टॉयलेट के लिए रख दिया था कमरे में बॉक्स

मैसूर। कर्नाटक के मैसूर से प्रताड़ना की रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को 12 साल तक घर में बंद रखा। जब पत्नी को रेस्क्यू कर बाहर लाया गया तो उसने जो कहानी सुनाई जो पति के जुल्म की इंतेहा बयां करती है। पत्नी ने दावा किया कि पति उसे टॉयलेट के लिए भी नहीं जाने देता था और उसने कमरे के भीतर ही एक छोटा सा बॉक्स रख दिया था। फिलहाल पुलिस ने महिला को बचाने के बाद उसके माता-पिता को सौंप दिया है।
यह है 12 साल की खौफनाक दास्तां
महिला ने पुलिस को बताया कि 12 साल पहले हुई शादी के बाद से ही पति के जुल्म का दौर शुरू हो गया। वह हमेशा उसे घर में बंद रखता था और प्रताड़ित करता था। काम पर जाने से पहले वह घर को बाहर से ताला लगाकर जाता। पति के इस व्यवहार पर पड़ोसी भी खामोश रहे। इलाके का कोई भी व्यक्ति उसके इस व्यवहार पर सवाल नहीं उठाता था। यहां तक कि महिला के दोनों बच्चे जब स्कूल से लौटते तो उन्हें घर के अंदर जाने की इजाजत नहीं थे। वे दोनों बच्चे तब तक बाहर रहते जब तक पति काम से वापस नहीं आ जाता। यहां तक कि महिला खिड़की से ही उन्हें खाना देती थी।











