🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

खिलचीपुर में बारिश का कहर! दुकानों में डेढ़ फीट तक पानी, सिटी पोर्शन रोड पूरी तरह जलमग्न

खिलचीपुर में लगातार दो दिन से जारी तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इमली स्टैंड, छापीहेड़ा नाका और क्षीरसागर के आसपास कई दुकानों में करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। वहीं सिटी पोर्शन रोड पर डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा होने से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Follow on Google News
खिलचीपुर में बारिश का कहर! दुकानों में डेढ़ फीट तक पानी, सिटी पोर्शन रोड पूरी तरह जलमग्न
खिलचीपुर में हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में लगातार दूसरे दिन हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सोमवार और मंगलवार की रात शुरू हुई तेज बारिश करीब चार घंटे तक जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश का सबसे ज्यादा असर छापीहेड़ा नाका, इमली स्टैंड और क्षीरसागर के बाहर स्थित दुकानों पर देखने को मिला। इन इलाकों में दुकानों के अंदर करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। अचानक पानी बढ़ने से दुकानदारों को सामान बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सिटी पोर्शन रोड पर 2 फीट तक पानी

भारी बारिश के बाद सिटी पोर्शन रोड की स्थिति भी खराब हो गई। सड़क पर करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे पूरा मार्ग जलमग्न दिखाई दिया। सड़क पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई और कई वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में पानी भरने के बाद स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि तेज बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में हर साल इसी तरह जलभराव की स्थिति बनती है।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

मंगलवार रात तेज बारिश की सूचना मिलने के बाद एसपी अमित कुमार तोलानी रात में ही छापीहेड़ा नाका पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बारिश और जलभराव से बने हालात का जायजा लिया। अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभावित इलाकों में व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।

 प्रभावित परिवारों और दुकानदारों से की मुलाकात

बुधवार शाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने भारी बारिश के कारण जनजीवन और संपत्ति को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रियव्रत सिंह ने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल

लगातार बारिश से खिलचीपुर में बने हालात ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानों और सड़कों पर पानी भरने से स्थानीय लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करेगा, ताकि अगली तेज बारिश में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi
icon

Latest Posts