ताजा खबरबॉलीवुडमनोरंजन

Yash Birthday : जब केजीएफ स्टार के पेरेंट्स ने एक्टिंग करियर के लिए रख दी थी शर्त, 300 रुपए लेकर स्ट्रगल करने आए थे बेंगलुरु; जानें यश की अनसुनी स्टोरी

एंटरटेनमेंट डेस्क। केजीएफ स्टार यश आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। रॉकी भाई फिल्म इंडस्ट्री की दुनिया में एक ऐसे शख्स बन गए हैं, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। अपने शानदार स्टंट और किरदार के चलते एक्टर दर्शकों को लुभाने में हर बार कामयाब रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये शोहरत उन्हें बचपन से नहीं मिली। कभी घर चलाने के लिए एक्टर किराने की दुकान पर बैठा करते थे। लेकिन बचपन से ही उनका सपना एक्टर बनने का था। जिसके लिए उन्होंने अपना नाम भी बदला। आइए जानते हैं एक्टर के बर्थडे पर उनकी स्ट्रगल स्टोरी।

स्कूल से आने के बाद दुकान संभालते थे यश

यश का जन्म 8 जनवरी 1986 को कर्नाटक के छोटे से गांव भुवानाहल्ली, जिला हासन में हुआ। उनके दो नाम रखे गए- पहला नवीन कुमार गौड़ा और दूसरा यशवंत। उनका बचपन मैसूर में बीता, जहां उनका परिवार एक किराने की दुकान चलाता था। यश स्कूल से आने के बाद परिवार की मदद करने के लिए दुकान संभालते थे। यश के पिता अरुण कुमार गौड़ा कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन में बस ड्राइवर थे और मां पुष्पा हाउसवाइफ। यश की एक छोटी बहन भी है जिसका नाम नंदिनी है।

परिवार वालों ने दी थी रिश्ता तोड़ने की धमकी

यश जब छोटे थे तभी से वो एक्टर बनने का सपना देखते थे। शुरुआत में पेरेंट्स बिल्कुल नहीं चाहते थे कि यश एक्टिंग की दुनिया में कदम रखें। जब यश ने मैसूर छोड़कर बेंगलुरु में एक्टिंग में किस्मत आजमाने की बात कही तो उनके पेरेंट्स राजी नहीं हुए। उन्होंने ये तक कह दिया कि अगर वो फिल्मों में जाएंगे तो परिवार वाले उनसे कोई रिश्ता नहीं रखेंगे। यश ने मम्मी-पापा को काफी मनाया जिसके बाद वो मान गए। लेकिन उन्होंने एक शर्त रखी कि अगर वहां जाकर उनका इरादा बदल गया फिर भी उन्हें घर में कदम नहीं रखने दिया जाएगा और न ही वापस बेंगलुरु जाने दिया जाएगा।

करियर के लिए बदला नाम

फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले उन्हें अपना नाम छोटा करने की सलाह दी गई। उन्होंने अपना नाम यशवंत से यश कर दिया क्योंकि ये नाम उनके दूसरे नाम नवीन से तो बेहतर ही था।

300 रुपए में किया गुजारा

यश पेरेंट्स की हर शर्त मानकर बेंगलुरु अपनी किस्मत आजमाने चले गए। उन्हें पहला काम एक फिल्म के असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर मिला। यश इस बात से खुश थे, लेकिन दो दिन की शूटिंग के बाद फिल्म बंद हो गई। उस वक्त गुजारा करने के लिए उनके पास केवल 300 रुपए थे। वे घर वापिस नहीं जाना चाहते थे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने एक थिएटर ग्रुप जॉइन कर लिया।
इसके बाद उन्हें बैकस्टेज वर्कर के तौर पर काम मिल गया। 2004 तक यश ने बैकअप एक्टर के तौर पर काम किया। इसके बाद यश को टेलीविजन सीरियल उत्तरायण से डेब्यू करने का मौका मिला। 2005 में उन्हें टीवी सीरियल नंदगोकुला में भी रोल मिला, जिसमें उनकी मुलाकात उनकी रियल लाइफ हीरोइन राधिका पंडित से हुई। टीवी शो में काम करके यश की ठीक-ठाक कमाई होने लगी थी जिसके बाद पेरेंट्स भी उन्हीं के पास बेंगलुरु शिफ्ट हो गए।

बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का जीता खिताब

2007 में यश को फिल्म जम्बाडा हुडुगी में सपोर्टिंग रोल के जरिए कन्नड़ फिल्मों में डेब्यू करने का मौका मिला। क्रिटिक्स ने इस फिल्म में यश की एक्टिंग की तारीफ की। इसके बाद यश टीनएज ड्रामा मूवी में नजर आए। इस फिल्म में सपोर्टिंग रोल के लिए यश को 56वें फिल्मफेयर साउथ अवॉर्ड्स में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवार्ड मिला। इस फिल्म को यश के करियर के ब्रेकथ्रू के तौर पर देखा गया। इसके बाद उन्होंने कुछ अन्य फिल्मों में भी काम किया, लेकिन 2018 में आई KGF ने उनकी किस्मत बदल दी।

KGF ने बना दिया सुपरस्टार

यश को असली स्टारडम 2018 में आई फिल्म KGF से मिला। इस फिल्म ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। फिल्म में उनके किरदार रॉकी भाई को खूब पसंद किया गया। फिल्म ने 250 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसी फिल्म के साथ कन्नड़ सिनेमा को देशभर में पहचान मिली।

KGF की सफलता के बाद KGF- 2 साल 2022 में रिलीज हुई। 100 करोड़ में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1200 करोड़ का कलेक्शन किया।

शूटिंग के दौरान हुआ प्यार

यश ने साल 2016 में एक्ट्रेस राधिका पंडित से शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात 2007 में टीवी शो ‘नंदगोकुला’ की शूटिंग के दौरान हुई। शूटिंग के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और दोनों की दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। इसके बाद 12 अगस्त 2016 को दोनों ने गोवा में शादी की। दोनों की एक बेटी और एक बेटा है।

यशो मार्ग फाउंडेशन

यश से शादी के बाद राधिका फिल्मों में काम नहीं कर रही हैं, लेकिन वो यशो मार्ग नाम का एक फाउंडेशन चलाती हैं जो गरीबों की मदद करता है।

यश की अपकमिंग फिल्म

हाल ही में यश ने अपनी अपकमिंग फिल्म के टाइटल की घोषणा की थी। टाइटल के साथ एक्टर के लुक की झलक भी दिखाई गई। फिल्म सिनेमाघरों में 10 अप्रैल, 2025 को रिलीज होगी। जिसकी डायरेक्टर नेशनल अवॉर्ड विनर गीतू मोहनदास हैं, जिन्हें Liar’s Dias और Moothon जैसी फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साई पल्लवी को इस फिल्म में यश के अपोजिट लिया जा सकता है। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शन और मॉन्स्टर प्रोडक्शन द्वारा किया जाएगा। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन फेस के काम के लिए यश सितंबर में लंदन गए हुए थे।

ये भी पढ़ें – गैंगस्टर के बाद अब पर्दे पर टॉक्सिक बनकर लौटेंगे KGF स्टार यश, नई फिल्म का किया ऐलान; फर्स्ट लुक भी जारी

संबंधित खबरें...

Back to top button