राष्ट्रीय

RJD नेता अवध बिहारी चौधरी बने बिहार विधानसभा के स्पीकर, निर्विरोध हुए निर्वाचित

बिहार में सरकार बदलने के बाद शुक्रवार को विधानसभा को नया स्पीकर भी मिल गया। आरजेडी के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी ने गुरुवार को इस पद के नामांकन किया था और अब वो निर्विरोध चुन लिए गए हैं। यह पद बिहार में गठबंधन पलट के बाद विजय कुमार सिन्हा के इस्तीफे से रिक्त हुआ था। अवध बिहारी चौधरी सीवान से आते हैं और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी हैं।

सीएम नीतीश कुमार ने छोड़ा एनडीए का साथ

इस महीने की शुरुआत में बिहार में सीएम नीतीश कुमार ने भाजपा का साथ छोड़कर अपनी पूर्व सहयोगी राजद का दामन थाम लिया था। इसके साथ ही राज्य में एक बार फिर महागठबंधन सरकार बन गई है। बिहार विधानसभा का एक विशेष सत्र चल रहा है। इस सत्र में दो दिन पहले महागठबंधन ने बहुमत साबित किया था। नीतीश कुमार ने भाजपा द्वारा क्षेत्रीय पार्टी को तोड़ने के कथित प्रयासों को लेकर हाल ही में एनडीए छोड़ दिया। वे फिर महागठबंधन में शामिल हो गए, जो राजद द्वारा संचालित है। इसमें कांग्रेस, सीपीआईएमएल (एल), सीपीआई (एम) और सीपीआई शामिल हैं।

अवध बिहारी आरजेडी की ओर से दूसरे स्पीकर

अवध बिहारी चौधरी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के दूसरे विधानसभा अध्यक्ष हैं। आरजेडी की स्थापना के बाद बीते 25 सालों में यह दूसरा मौका है, जब पार्टी को अपना स्पीकर बनाने का मौका मिला है। इससे पहले 1995 से 2000 तक आरजेडी नेता देवनारायण यादव विधानसभा अध्यक्ष रहे थे। इसके बाद आरजेडी गठबंधन में बिहार की सत्ता पर काबिज रही, लेकिन स्पीकर बनाने का मौका नहीं मिला था।

इसके बाद आरजेडी के समर्थन से 2000 से 2005 तक कांग्रेस के सदानंद सिंह स्पीकर रहे थे। पहली बार जब बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी थी तब विजय कुमार चौधरी विधानसबा के अध्यक्ष बने थे।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: फ्लोर टेस्ट से पहले स्पीकर विजय सिन्हा ने दिया इस्तीफा, बोले- पहले ही दे देता… लेकिन जवाब देना जरूरी था

विजय कुमार सिन्हा नेता प्रतिपक्ष

अवध बिहारी चौधरी से पहले एनडीए की सरकार में बिहार विधानसभा में विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष थे। बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। वहीं अब बीजेपी ने उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया है। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद से ही विजय कुमार सिन्हा नीतीश तेजस्वी सरकार पर हमलावर हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: 8वीं बार बिहार के CM बने Nitish Kumar, तेजस्वी यादव बने डिप्टी सीएम; शपथ लेते ही नीतीश के छुए पैर

संबंधित खबरें...

Back to top button