
राजस्थान के जोधपुर में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात निकलने से पहले गैस सिलेंडर। हादसे में दूल्हे और उसके माता-पिता सहित 60 लोग झुलस गए। वहीं अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। घयालों का जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
2 बच्चों की भी मौत
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जोधपुर से करीब 110 किलोमीटर दूर शेरगढ़ तहसील के भूंगरा गांव में हुआ है। यहां तख्त सिंह के घर में शादी समारोह था, घर से बारात निकलने ही वाली थी। तभी अचानक एक के बाद एक पांच सिलेंडर ब्लास्ट हो गए और पूरा गांव दहल गया। हादसे में करीब 60 लोग झुलस गए।
हादसे में गंभीर रुप से झुलसी तीन महिलाओं धापू कंवर, कंवरू और चंदन कंवर की भी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पांच और सात साल के दो बच्चों सहित अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
कैसे फटा सिलेंडर
बताया जा रहा है कि, गुरुवार को बारात नजदीक के गांव खोखसर जानी थी। घर रिश्तेदारों से भरा हुआ था। खाना बनाते समय अचानक एक सिलेंडर में लीकेज हुआ और आग पकड़ ली। इसी दौरान आग की चपेट में आने से वहां पास में रखे पांच सिलेंडर भी फट गए। पंडाल में आग लगने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आंगन में बैठीं महिलाओं पर गिरा सिलेंडर
ब्लास्ट में सुरेंद्र सिंह का पूरा घर तबाह हो गया। वहीं परिजनों के मुताबिक, एक गैस सिलेंडर आंगन में बैठी महिलाओं पर आकर गिर गया। ऐसे में कई महिलाएं झुलस गईं। बारात निकलने से पहले की रस्में की जा रही थीं। महिलाएं आंगन में शादी के गीत गा रहीं थीं।
आज जोधपुर आएंगे सीएम गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार सुबह जोधपुर पहुंचेंगे। वे यहां महात्मा गांधी अस्पताल में घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। वहीं इतने बड़े हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन ने छुट्टी पर गए कर्मचारियों को वापस बुला लिया है।