PlayBreaking News

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला : आतंकियों की तलाश जारी, पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया

Follow on Google News
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला : आतंकियों की तलाश जारी, पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया
मेंढर/जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय वायुसेना (IAF) के काफिले पर हमले में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए व्यापक तलाशी अभियान रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा और कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जम्मू के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन और सेना तथा खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरनकोट क्षेत्र में हमला स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि सेना ने एक हेलीकॉप्टर के जरिये हवाई निगरानी भी की। शाहसितार के पास शनिवार शाम हुए हमले में वायुसेना के पांच कर्मी घायल हो गए और उनमें से एक ने बाद में एक सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया।

जंगल में भागे हमलावर

अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादियों का सफाया करने के लिए शाहसितार, गुरसाई, सनाई और शीनदारा टॉप समेत कई इलाकों में सेना व पुलिस का संयुक्त अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि माना जा रहा है कि हमले के बाद हमलावर जंगल में भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने अधिकाधिक लोगों को हताहत करने के लिए एके असॉल्ट राइफलों के अलावा अमेरिका में निर्मित एम4 कार्बाइन और स्टील की गोलियों को भी इस्तेमाल किया।

वायुसेना का जवान शहीद

वायुसेना ने शहीद नायक की पहचान कॉरपोरल विक्की पहाड़े के रूप में की है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वायुसेना ने कहा, “वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और भारतीय वायुसेना के सभी कर्मी वीर कॉरपोरल विक्की पहाड़े को नमन करते हैं, जिन्होंने पुंछ सेक्टर में राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिवार के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। दुख की इस घड़ी में हम आपके साथ मजबूती से खड़े हैं।”

अलग-अलग टीमें तलाश में जुटी

अधिकारियों ने कहा कि सेना के पैरा कमांडो की अलग-अलग टीम को भी तलाशी अभियान में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के ठिकाने के बारे में अभी कुछ पता नहीं चला है। अधिकारियों ने कहा कि हमले के संबंध में पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह इस साल जम्मू क्षेत्र में पहली बड़ी आतंकवादी घटना है। सीमावर्ती पुंछ जिले के साथ-साथ निकटवर्ती राजौरी में पिछले दो वर्ष में बड़े आतंकवादी हमले हुए हैं। वर्ष 2003 और 2021 के बीच यह क्षेत्र शांतिपूर्ण रहा था।

हमले में पांच जवान हुए थे घायल

जानकारी के मुताबिक, हमला पुंछ के शाहसितार इलाके में शनिवार (4 मई) शाम 6 बजकर 15 मिनट पर हुआ। सुरक्षाबलों की दो गाड़ियां सनाई टॉप जा रहीं थीं। इसमें से एक वाहन एयरफोर्स का था। तभी पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने गाड़ियों पर फायरिंग कर दी। हमले के बाद आतंकवादी जंगल में भाग गए। उनके हाथ में एके असॉल्ट राइफल्स थी। हमले में पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। वहीं एयरफोर्स की स्पेशल गरुड़ फोर्स, आर्मी और जम्मू-कश्मीर पुलिस सर्च ऑपरेशन कर रही हैं।

12 दिन में दूसरा आतंकी हमला

22 अप्रैल : अज्ञात आतंकियों की गोलीबारी में 40 वर्षीय सरकारी कर्मचारी की मौत हो गई थी। मोहम्मद राजिक का भाई टेरिटोरियल आर्मी में ​​था। थानामंडी के शाहदरा शरीफ इलाके में गोलीबारी की गई थी। 12 जनवरी : आतंकियों ने सेना के वाहन पर हमला किया था, जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की थी। हालांकि, इसमें किसी के भी घायल या मरने की खबर नहीं आई थी।

30 महीने… 6 वारदात, 22 जवान शहीद

पुंछ में पिछले 30 महीनों में आतंकियों की ओर से हमले की यह छठी घटना है। 2021 से शुरु हुई घटनाओं में अब तक 22 जवान शहीद हो चुके हैं। इन घटनाओं में कई जवान घायल भी हुए हैं। 11 अक्टूबर 2021 : चमरेड इलाके में घात लगाकर जवानों पर हमला, जेसीओ समेत पांच जवान शहीद 20 अक्टूबर 2021 : भाटादूड़िया में सर्च ऑपरेशन के दौरान हमले में छह जवान शहीद। डेढ़ माह तक जम्मू-पुंछ हाईवे को बंद कर तलाशी अभियान चलाया गया। 20 अप्रैल 2023: भाटादूड़िया इलाके में सैन्य वाहन को घेरकर पहले ग्रेनेड से हमला, फिर गोलाबारी की गई। इसमें पांच जवान शहीद हुए। 21 दिसंबर 2023 : डेरा की गली सावनी इलाके में घात लगाकर सैन्य वाहनों में किए गए हमले में पांच जवान शहीद और दो घायल हो गए। 12 जनवरी 2024 : कृष्णाघाटी के दराती में सैन्य वाहनों पर फायरिंग, नुकसान नहीं 4 मई 2024 : पुंछ के सुरनकोट इलाके में सैन्य वाहनों पर हमला, एयरफोर्स का एक जवान शहीद। चार जवान घायल। ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला : एयरफोर्स का जवान शहीद, चार घायल; पुंछ में सुरक्षाबलों के वाहनों पर आतंकियों ने की थी फायरिंग ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : पुंछ में आतंकियों ने सुरक्षाबलों के काफिले पर किया हमला, 5 जवान घायल
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts