ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

BBC के 100 साल के इतिहास में पहली बार हुई ऐसी छापेमारी, दिग्विजय ने पूछा- आखिर उनकी क्या थी गलती?

भोपाल। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर्स कॉर्पोरेशन (BBC) के दिल्ली दफ्तर पर मंगलवार को आयकर विभाग ने छापा मारा है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ( BJP) ने BBC को दुनिया का सबसे ‘भ्रष्ट बकवास कार्पोरेशन’ करार दिया। कांग्रेस ने बीबीसी पर आयकर विभाग की छापेमार कार्रवाई को अघोषित तौर पर आपातकाल बताया। अब इसमें मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की एंट्री हो गई है।

गुजरात के दंगों की डॉक्यूमेंट्री बनाई : दिग्विजय

BBC कार्यालय में आयकर विभाग की छापेमारी पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम एवं कांग्रेस के राज्‍यसभा सदस्‍य दिग्विजय सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मीडिया से कहा- विश्व में पहली बार BBC के 100 साल के इतिहास में उनपर इस तरह की कोई छापेमारी हुई है। उनकी गलती क्या थी, उन्होंने गुजरात के दंगों की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, जिसमें सभी का पक्ष रखा गया था।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट (अडानी पर आई रिपोर्ट) के कई विषयों पर अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में जांच शुरू हो गई है। इनके शेयर डाउनग्रेड किए गए है और हमारी नियामक एजेंसियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हमने मांग की थी कि JPC बनाकर इसकी जांच की जाए।

इंदिरा गांधी ने भी लगाया था बैन

भाजपा का यह बयान कांग्रेस के उन आरोपों के बाद आया है, जिनमें बीबीसी पर आयकर की छापेमारी को अघोषित आपातकाल बताया था। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयकर विभाग की कार्रवाई पर कांग्रेस द्वारा की गई आलोचना की निंदा की। भाटिया ने कहा कि सरकारी एजेंसी को अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों को याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी BBC पर प्रतिबंध लगाया था। बीबीसी के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई नियमानुसार और संविधान के तहत हो रही है।

कानून से काम किया तो डर किस बात का

भाटिया ने कहा कि भारत संविधान और कानून के तहत चलता है। आज केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है। आयकर विभाग… ये पिंजरे का तोता नहीं है। वह अपना काम कर रहा है। कोई भी एजेंसी हो, मीडिया समूह हो, अगर भारत में काम कर रहा है और उसने कुछ गलत नहीं किया है तो उसे डर किस बात का है? आयकर विभाग को अपना काम करने देना चाहिए। दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

बीबीसी ने आतंकी को महिमामंडित किया

गौरव भाटिया ने BBC की कुछ पुरानी खबरों के हवाले से कहा कि इन समूह ने एक आतंकवादी को ‘करिश्माई युवा आतंकवादी’ कहकर उसका महिमामंडन किया था। भाटिया ने कहा कि इसी समूह ने होली को ‘गंदा’ त्योहार कहा था। बीबीसी भारत में काम करता है, लेकिन वह इसके संविधान और संस्कृति का सम्मान कम ही करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, उसके नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दल भी देश के इस उदय पर ‘दर्द’ महसूस करते हैं।

मोदी के लिए इतनी नफरत क्यों

भाटिया ने कांग्रेस पर राष्ट्र विरोधी’ ताकतों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी के लिए आपकी नफरत इतनी है कि आप एक जांच एजेंसी के काम का भी राजनीतिकरण कर देते हैं। आप हमेशा सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर भी सवाल उठाते हैं। लेकिन बीबीसी के कृत्य देखें तो यह पूरी दुनिया की सबसे भ्रष्ट बकवास कॉर्पोरेशन हो गई है। इसका प्रोपेगैंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक साथ मेल खाता है।

BBC के दिल्ली-मुंबई स्थित दफ्तरों पर सर्वे

बताते चलें कि आयकर विभाग ने मंगलवार को टैक्स चोरी की जांच के लिए बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों में एक ‘सर्वे ऑपरेशन’ चलाया। दोनों ही जगह आयकर के अधिकारियों के टीमों ने एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई बीबीसी द्वारा दो-पार्ट वाली डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ को प्रसारित करने के कुछ हफ्ते बाद हुई है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं ने इसे अघोषित आपातकाल बताते हुए सवाल उठाए। कांग्रेस ने कार्रवाई को ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’ करार दिया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- ‘हम अडाणी मामले में संयुक्त संसदीय समिति (JPV) से जांच की मांग कर रहे हैं और सरकार BBC के पीछे पड़ गई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।’

ये भी पढ़ें: भाजपा ने BBC को बताया भ्रष्ट, बकवास कॉर्पोरेशन; कहा- इसका प्रोपेगैंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक

संबंधित खबरें...

Back to top button