राष्ट्रीय

अरुणाचल के तवांग में भारत – चीन के सैनिकों में भिड़ंत, दोनों सेनाओं के कई जवान घायल

तवांग। अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस घटना दोनों देशों के सैनिक घायल हुए हैं। छह भारतीय जवानों को इलाज के लिए गुवाहाटी लाया गया है। यह घटना तवांग जिले के यंगस्टे में हुई। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 9 दिसंबर 2022 को यह घटना हुई थी।

तवांग में चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी LAC (लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल) तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। चीनी सैनिकों को देख भारतीय सैनिकों (Indian Army) ने उन्हें रोका, जिस पर दोनों तरफ के सैनिकों में झड़प हुई। इसमें दोनों देशों की सेनाओं के कुछ जवानों के जख्मी होने की खबर है। हालांकि, भारत के जवानों ने LAC तक पहुंचने की कोशिश कर रहे चीनी सेनाओं को पीछे धकेल दिया।

कमांडरों ने की फ्लैग मीटिंग

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया कि घटना के कुछ देर बाद दोनों ही देशों के सैनिक पीछे हट गए। इलाके में शांति बहाली के लिए इंडियन आर्मी और चीनी कमांडर ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फ्लैग मीटिंग की। कोशिश की जा रही है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो। अरुणाचल प्रदेश में तवांग सेक्टर में LAC के आस-पास कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जहां चीन अपनी दावेदारी दिखाता है। 2006 से हर दोनों देशों के जवान यहां अपनी-अपनी सीमाओं पर काफी करीब से गश्त करते हैं। इस वजह से उनमें मुठभेड़ जैसी स्थिति बनती है।

पिछले साल भी हुई ऐसी घटना

अक्टूबर 2021 में भी अरुणाचल प्रदेश के इसी इलाके में भारतीय सेना ने चीनी सैनिकों को रोका था। उस वक्त पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के करीब 200 जवान LAC के पास आना चाह रहे थे। तब भी दोनों सेनाओं के बीच झड़प हुई थी। इससे पहले 2020 में गलवान में भारतीय और चीनी सैनिकों की जबरदस्त झड़प हुई थी। उस वक्त सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों ने गश्त के दौरान भारतीय सैनिकों पर हमला कर दिया था। इस हमले में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। घटना में चीन ने पहले तो किसी भी जवान के मारे जाने से इंकार किया था।हालांकि, 2021 में चीन ने इस झड़प में अपने पांच अफसर और कई सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकारी थी।

पहले भी आईं अरुणाचल में घुसपैठ की खबरें

गौरतलब है कि चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ करने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। पिछले साल खबरें आई थीं कि चीन ने अरुणाचल की सीमा पर एक पूरा गांव बसा लिया है। हालांकि, सितंबर 2022 में अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू ने चीनी घुसपैठ से साफ इनकार किया था। खांडू ने कहा था कि मैंने चीन द्वारा हमारी सीमा पर निर्माण करने की खबरों के बाद इस बारे में भारतीय सेना से चर्चा की। लेकिन मुझे जो रिपोर्ट मिली हैं, उनके मुताबिक चीन ने हमारी सीमा पर कब्जा नहीं किया है। जो भी निर्माण की गतिविधयां चल रही हैं, वह उनके ही सीमा क्षेत्र के अंदर हैं।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button