खेलभोपालमध्य प्रदेश

मप्र में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ, शिवराज बोले- मेडल जीतने वाले मप्र के खिलाड़ियों को 5 लाख रुपए देगी सरकार

भोपाल। मध्यप्रदेश की धरती पर सोमवार को खेलों का नया अध्याय शुरू हुआ। रंगबिरंगी रोशनी और धमाकेदार आतिशबाजी के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारंभ किया। उन्होंने इन गेम्स में जीतने वाले मप्र के खिलाड़ियों को 5 लाख रुपए अगली ट्रेनिंग के लिए देने की घोषणा की। शिवराज खिलाड़ियों से कहा- मेरा बेटा-बेटियों खूब खेलो। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा निखारने के लिए मध्यप्रदेश में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। पहले मप्र का खेलों का बजट 5 करोड़ रुपए होता था, जो अब 345 करोड़ रुपए है। 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां मप्र में स्थापित की गई हैं।

अभिलिप्सा पांडा के हर-हर शंभु से शुरुआत

खेलो इंडिया की शुरुआत में अभिलिप्सा पांडा ने ‘हर-हर शंभु’ गाया तो पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। इसके बाद मध्यप्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा- पीएम मोदी का जो फिट इंडिया का विजन है, उसी से खेलो इंडिया यूथ गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की शुरुआत हुई। मध्यप्रदेश की यशगाथा में खेलों का नया अध्याय शुरू हो रहा है। यशोधरा ने कहा- शोर होना जरूरी है। आप अपने कामों से भी शोर मचा सकते हैं। अपनी उत्कृष्टता से भी शोर मचा सकते हैं।

देखते हैं मप्र में कितने रिकॉर्ड टूटते हैं : अनुराग ठाकुर

समरोह में आए केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा- खेलो इंडिया यूथ गेम्स जब पिछली बार हरियाणा में हुए तो एक नहीं 12 नेशनल रिकॉर्ड टूटे, और 12 में से 11 रिकॉर्ड लड़कियों ने तोड़े। अब मध्यप्रदेश की धरती पर देखते हैं कितने रिकॉर्ड टूटने वाले हैं। एक और रिकॉर्ड खिलाड़ी तोड़ेंगे… मैं चाहता हूं मप्र के भाइयों बहनों इतनी रिकॉर्ड संख्या में आओ कि हर स्टेडियम पर लगे कि अगला नेशनल गेम्स या कोई और हो तो हमारे मध्यप्रदेश को कराने का मौका मिल पाए। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पांचवे संस्करण में 9 शहरों में 13 दिन तक 6 हजार से ज्यादा खिलाड़ी खेलेंगे।

स्टेडियम में अमरकंटक मशाल स्थापित

कार्यक्रम में सिंगर नीति मोहन ने मां नर्मदा गीत प्रस्तुत किया, तो सिंगर शान ने अपने सुरों से चार चांद लगा दिए। इस दौरान हुई रंगबिरंगी आतिशबाजी से पूरा आसमान सतरंगी हो गया। समारोह में बॉक्सर निखत जरीन और एथलीट अविनाश सावले ने अमरकंटक मशाल थामी। सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ पुराणिक और मप्र की खेल मंत्री की मौजूदगी में उन्होंने यह मशाल स्थेडियम में स्थापित की।

सौम्या तिवारी को बधाई

शिवराज ने संबोधन में अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने वाली बेटियों का भी बधाई दी। उन्होंने कहा- भोपाल की सौम्या तिवारी ने विनिंग शॉट लगाकर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है।

पिछले यूथ गेम्स में मप्र ने जीते 38 पदक

कार्यक्रम के दौरान आसमान सतरंगी रोशनी से जगमगा उठा।

शिवराज ने कहा- पहले खेलों में मप्र का स्थान कभी नहीं होता था। लेकिन, पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मप्र के खिलाड़ियों ने 38 पदक जीते थे। यह आयोजन टैलेंट सर्च के बाद नए खिलाड़ी गढ़ने का आयोजन है। आप खेलो इंडिया खेलने के बाद कल आप एशियाड, कॉमनवेल्थ और ओलिंपिक में खेलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं- जब एक खिलाड़ी ओलिंपिक में कोई मेडल जीतता है तो 130 करोड़ भारतवासी जीतते हैं। खेल में जीत हो न हो, लेकिन खेल भावना की जीत होनी चाहिए, जोर से बोलो- जान लगा दो, हिंदुस्तान का दिल धड़का दो।

खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा रहे पीएम मोदी

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने जब खेलो इंडिया की शुरुआत की थी, तब 250 करोड़ का बजट था। अगले पांच वर्ष के लिए इसकी स्वीकृति मिल गई है। खेलो इंडिया के लिए 3,200 करोड़ के बजट की पीएम मोदी जी ने स्वीकृति दे दी है। 2014 में केवल 800 करोड़ का बजट होता था। उसे बढ़ाकर 2000 करोड़ इस वर्ष के लिए पीएम मोदी ने स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा- खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए शायद ही किसी देश का प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति खिलाड़ियों से पहले बात करता हो, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने हर बार खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का भी काम किया और वापस आने पर उनका स्वागत करने का भी काम किया है।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button