ग्वालियर : महिला की हत्या करने वाला कुख्यात बदमाश आकाश जादौन का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी आकाश जादौन के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर पकड़ने पहुंची पुलिस पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।
इससे पहले, पुलिस ने दूसरे आरोपी शुभम जादौन को एक दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, तीसरा आरोपी अब भी फरार है।
आरोपी पर था 20 हजार रुपए का इनाम
जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आकाश जादौन शीतला माता रोड इलाके से गुजर रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे घेर लिया, जिसके बाद आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आकाश के घुटने में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी आकाश को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मौके से 32 बोर की पिस्टल और एक बाइक बरामद की गई है। हत्या का मुख्य आरोपी आकाश जादौन मूलत: मुरैना जिले के सबलगढ़ के रहने वाले हैं। उस पर अलग-अलग थानों केस दर्ज हैं। इसके अलावा 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।











