Google Birthday: 28 साल का हुआ गूगल, खास डूडल में दिखी पुराने दिनों की झलक, जानिए कैसे शुरू हुआ था सफर

गूगल आज यानी 27 सितंबर 2026 को अपना 28वां जन्मदिन मना रहा है। इस खास मौके पर गूगल ने अपने होमपेज पर एक विशेष डूडल लगाया है। डूडल में कंपनी के शुरुआती दौर की झलक दिखाई गई है। पुराने अंदाज वाला गूगल लोगो कंपनी के सफर और उसके शुरुआती दिनों की याद दिला रहा है।
लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने रखी थी नींव
गूगल की कहानी दो स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के पीएचडी छात्रों से शुरू हुई। लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने इंटरनेट पर मौजूद जानकारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने के मकसद से काम शुरू किया था। कंपनी को आधिकारिक तौर पर 4 सितंबर 1998 को शामिल किया गया था। गूगल की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, कंपनी की शुरुआत की दिशा में एक अहम मोड़ अगस्त 1998 में आया। उस समय सन माइक्रोसिस्टम्स के सह-संस्थापक एंडी बेक्टोलशाइम ने लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन के नाम 1 लाख डॉलर का चेक लिखा था। इसी निवेश ने गूगल इंक की औपचारिक शुरुआत का रास्ता तैयार किया।
पहले इंटरनेट से जुटाई जानकारी, फिर सिस्टम में घुस गया Gemini… बना ‘हैकर’
27 सितंबर को ही क्यों मनाया जाता है जन्मदिन?
गूगल के जन्मदिन की तारीख को लेकर कहानी थोड़ी दिलचस्प है। कंपनी ने शुरुआती वर्षों में सितंबर महीने में अलग-अलग तारीखों पर अपना जन्मदिन मनाया था। यानी हर साल 27 सितंबर को ही जन्मदिन मनाने की परंपरा शुरू से नहीं थी। साल 2006 के बाद से 27 सितंबर को गूगल का जन्मदिन लगातार मनाया जा रहा है। इस तारीख को कंपनी की शुरुआती उपलब्धियों और वेब इंडेक्सिंग से जुड़े महत्वपूर्ण दौर से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, जन्मदिन के लिए इसी तारीख को चुनने का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
छोटे सर्च इंजन से दुनिया की बड़ी टेक कंपनी तक
गूगल की शुरुआत एक सर्च इंजन के तौर पर हुई थी, लेकिन आज कंपनी का कारोबार काफी बड़ा हो चुका है। Gmail, YouTube, Google Maps, Android और Pixel जैसे कई लोकप्रिय उत्पाद और सेवाएं गूगल के इकोसिस्टम का हिस्सा हैं। आज करोड़ों लोग रोजाना गूगल की अलग-अलग सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। इंटरनेट पर जानकारी खोजने से लेकर ईमेल, वीडियो देखने, रास्ता तलाशने और मोबाइल फोन चलाने तक, गूगल की सेवाएं रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं।
Google Pay-PhonePe के लिए बड़ा बदलाव! UPI पर आ सकता है MDR, छोटे दुकानदारों का क्या होगा हाल
AI के दौर में Gemini पर फोकस
गूगल अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी तेजी से काम कर रहा है। कंपनी का Gemini प्लेटफॉर्म AI से जुड़ी उसकी बड़ी पहलों में शामिल है। वहीं, गूगल की मूल कंपनी अब Alphabet Inc. है, जिसे 2015 में बनाया गया था।
28 साल का सफर, बदलती रही दुनिया
28 साल के सफर में गूगल ने एक साधारण सर्च इंजन से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। आज का खास डूडल कंपनी के पुराने दिनों की याद दिलाते हुए यह दिखाता है कि पिछले करीब तीन दशकों में गूगल का सफर कितना बड़ा हो चुका है।



















