ताजा खबरराष्ट्रीय

BBC इंडिया पर ED ने FEMA के तहत दर्ज किया केस, फॉरेन एक्सचेंज उल्लंघन का आरोप

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) इंडिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत फॉरेन एक्सचेंज के नियमों के उल्लंघन के मामले में बीबीसी इंडिया के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ऐसा पहली बार है जब बीबीसी के खिलाफ भारत में ऐसी कोई कार्रवाई की गई है।

इससे पहले फरवरी में आयकर विभाग ने नई दिल्ली और मुंबई में BBC के ऑफिस में सर्वे किया था। इंटरनेशनल टैक्सेशन और ट्रांसफर प्राइसिंग अनियमितताओं के आरोपों को लेकर टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा कार्रवाई की गई थी।

BBC के दिल्ली-मुंबई स्थित दफ्तरों पर सर्वे

आयकर विभाग ने टैक्स चोरी की जांच के लिए बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों में एक ‘सर्वे ऑपरेशन’ चलाया था। 14 फरवरी को बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों पर आयकर विभाग ने सर्वे शुरू किया था, जो तीन दिन तक चला था। दोनों ही जगह आयकर के अधिकारियों की टीमों ने एक साथ छापेमारी की थी। यह कार्रवाई बीबीसी द्वारा दो-पार्ट वाली डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ को प्रसारित करने के कुछ हफ्ते बाद हुई। ऐसे में कांग्रेस नेताओं ने इसे अघोषित आपातकाल बताते हुए सवाल उठाए। कांग्रेस ने कार्रवाई को ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’ करार दिया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- ‘हम अडाणी मामले में संयुक्त संसदीय समिति (JPV) से जांच की मांग कर रहे हैं और सरकार BBC के पीछे पड़ गई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।’

एडिटर्स गिल्ड ने कहा- मीडिया को डराया जा रहा

BBC इंडिया के कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वे पर एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने कहा कि यह सरकार की आलोचना करने वाले मीडिया संस्थानों को डराने और परेशान करने के लिए सरकारी एजेंसियों के उपयोग की प्रवृत्ति की निरंतरता है। एडिटर्स गिल्ड ने एक बयान जारी कर मांग की कि ऐसी सभी जांच में काफी सावधानी और संवेदनशीलता बरती जाए, जिससे पत्रकारों और मीडिया संगठनों के अधिकार कमजोर नहीं हों।

डॉक्यूमेंट्री में ऐसा क्या है… जिस पर हो रहा विवाद

बीबीसी की इस डॉक्यूमेंट्री की पहली सीरीज में पीएम मोदी के शुरुआती दौर के राजनीतिक सफर की कहानी है। इसमें उनके RSS के साथ जुड़ाव, भाजपा में उनके बढ़ते कद और गुजरात के सीएम के रूप में उनकी नियुक्ति की चर्चा भी है। डॉक्यूमेंट्री में मोदी के सीएम रहते हुए गुजरात में हुए दंगों का भी जिक्र है। इन दंगों में पीएम मोदी की भूमिका बताई गई है। इसी को लेकर विवाद है।

ये भी पढ़ें- ब्रिटिश संसद में BBC के दफ्तरों पर IT सर्वे को लेकर उठे सवाल, विदेश सचिव ने दिया जवाब

ये भी पढ़ें- बीबीसी पर छापे; कांग्रेस पर प्रवक्ता बनने के आरोप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले-कानून से ऊपर कोई नहीं

संबंधित खबरें...

Back to top button