अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरभोपालमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

जम्मू के पुंछ में दो सैनिकों के नाले में डूबने की आशंका, डोगरा नाला पार करते समय अचानक आई बाढ़

जम्मू जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार को एक उफनते नाले में दो सैनिकों के डूब जाने की आशंका है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरानकोटे के पोशाना में ये सैनिक डोगरा नाला पार कर रहे थे, लेकिन भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के कारण वे पानी के तेज बहाव में बह गए। उन्होंने बताया कि सेना, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की संयुक्त टीम दोनों की तलाश में जुटी हैं। लेकिन, अब तक कुछ पता नहीं चला है। इस बीच जन उदघोषणा प्रणाली से लैस पुलिस वाहन जिले के विभिन्न हिस्सों में लोगों को भारी बारिश के बाद नदी/नालों से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं।

आज की अन्य खबरें…

दक्षिण पूर्वी ईरान में आतंकवादियों ने पुलिस थाने पर किया हमला, दो अधिकारियों की मौत

तेहरान। दक्षिण पूर्वी ईरान में चार आतंकवादियों ने एक पुलिस थाने पर हमला कर दो अधिकारियों की हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हथियारबंद समूह ने पाकिस्तान की सीमा से करीब 30 किलोमीटर दूर ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी जाहेदान शहर में एक पुलिस थाने पर हमला किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक बयान में कहा कि चार आतंकवादियों को मार गिराया गया है। प्रांत के डिप्टी गवर्नर अलीरजा मरहामति के हवाले से खबर में कहा गया है कि आतंकवादी पुलिस थाने पर कब्जा करने की कोशिश में थे और हथगोलों (ग्रेनेड) से लैस थे।

हरियाणा के जींद में बड़ा हादसा, रोडवेज बस और क्रूजर की टक्कर में 8 लोगों की मौत; 25 घायल

हरियाणा के जींद जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भिवानी रोड पर रोडवेज बस और क्रूजर में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतकों के शव क्रूजर के अंदर फंस गए। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही घायलों को जींद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

अशोक नगर में ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को रौंदा, मौत

अशोक नगर। मध्य प्रदेश के अशोक नगर में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार दोनों लोग गुना की ओर से आ रहे थे। तभी अचानक बाइक फिसलने से दोनों रोड पर गिर पड़े और पीछे से आ रहा सिलेंडर से भरा ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया। जिससे यह हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button