कोरोना वाइरसस्वास्थ्य

कोरोना वायरस: भारत में 99 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई गईं, स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में रोजाना कमी देखने को मिल रही है। देश में अब रोजाना 15 हजार से कम कोरोना केस सामने आ रहे हैं। एक्टिव केस की संख्या भी 2 लाख से कम हो गई है। इसी बीच मंगलवार को देश में कोरोना वैक्सीन की 99 करोड़ से ज्यादा डोज दी गईं। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि हम 99 करोड़ पर हैं। इसके लिए आगे बढ़े भारत और हमारे 100 करोड़ कोविड-19 वैक्सीनेशन की दिशा में तेजी से बढ़ना जारी रखें।

2 फरवरी से हुई थी वैक्सीनेशन की शुरुआत

बता दें कि देश में 16 जनवरी 2021 से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई थी। सबसे पहले हेल्थ और फिर 2 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स का वैक्सीनेशन शुरू किया गया। इसमें केन्द्र और राज्य के पुलिसकर्मियों, आर्म्ड फोर्स, होम गार्ड्स, सिविल डिफेंस और डिजास्टर मैनेजमेंट वॉलेंटियर्स, म्यूनिसिपल वर्कर्स, जेल स्टाफ, कंटेनमेंट और सर्विलांस जोन में लगे पीआरआई स्टाफ और रिवेन्यू वर्कर्स, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स और इलैक्शन स्टाफ को शामिल किया गया था।

घट रहे हैं कोरोना के मामले

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार रिकॉर्ड गिरावट देखने को मिल रही है। देश में लगातार दूसरे दिन 14 हजार से कम केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को देश में 13 हजार 58 नए केस मिले, 19 हजार 470 लोग ठीक हुए और 164 लोगों की मौत हुई। पिछले 24 घंटे में देश में 6 हजार 152 एक्टिव केस कम हुए हैं। देश में आठ महीने बाद सबसे कम नए कोविड केस दर्ज किए गए हैं।

आंकड़ों में कोरोना

  • अब तक कुल संक्रमित– 3 करोड़ 40 लाख 94 हजार
  • अब तक हुई मौतें– 4 लाख 52 हजार 454
  • अब तक ठीक हुए– 3 करोड़ 34 लाख 58 हजार
  • एक्टिव केस की संख्या – 1 लाख 83 हजार 118

संबंधित खबरें...

Back to top button