
देश में कोरोना की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के एक 58 हजार 77 नए केस सामने आए हैं। कल की तुलना में आज 13.4 फीसदी कम मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 1,50,407 लोग कोरोना से ठीक होकर अपने घर लौट गए। हालांकि, कोरोना से होने वाली दैनिक मौतें अभी भी स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता का कारण बनी हुई हैं।
14 दिन में सबसे कम मौतें दर्ज हुईं
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के अंदर 657 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। मौतों का यह आंकड़ा 14 दिन बाद सबसे कम है। 29 जनवरी के बाद से मृतकों का आंकड़ा 1,000 से ज्यादा दर्ज किया जाने लगा था। 29 जनवरी को 627 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी।
संक्रमण दर 4% से भी नीचे
तेजी से घटते कोरोना मामलों के बीच दैनिक संक्रमण दर में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। अब दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.89% रह गई है। वहीं एक्टिव केस की संख्या घटकर 6,97,802 हो गई है। वहीं देश में अब तक 1,71,79,51,432 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल कोरोना केस: 4.25 करोड़
कुल रिकवरी: 4.13 करोड़
कुल मौतें: 5.07 लाख
केरल में सबसे ज्यादा एक्टिव केस
देश में इस समय एक्टिव केस 6.88 लाख हैं। इनमें से 71% मामले सिर्फ 5 राज्यों में हैं। केरल में 2.32 लाख, महाराष्ट्र में 70.1 हजार, तमिलनाडु में 66.9 हजार, कर्नाटक में 52 हजार, आंध्र प्रदेश में 40.8 हजार और मध्यप्रदेश में 29.5 हजार केस हैं।
ये भी पढ़ें- Weather Update : बढ़ सकता है सर्दी खत्म होने का इंतजार, इन राज्यों में फिर होगी बारिश; जानें अपने शहर का तापमान
विदेशी यात्रियों के लिए नियमों में बदलाव
केंद्र सरकार ने गुरुवार को विदेशी यात्रियों के लिए देश में एंट्री लेने के नियमों में बदलाव किया है। सरकार ने ‘एट रिस्क’ देशों कैटेगरी को खत्म कर दिया है। अब यात्रियों को भारत आकर कोई टेस्ट नहीं कराना होगा और न ही उन्हें क्वारंटाइन होना होगा। नई गाइडलाइंस 14 फरवरी से लागू होगी।
विदेशी यात्रियों को भरना होगा एक फॉर्म
विदेशी यात्रियों को एक सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरना होगा, जिसमें उन्हें 14 दिन की ट्रैवल हिस्ट्री बतानी होगी और यात्रा से 72 घंटे के अंदर किए गए RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट जमा करनी होगी। यह फॉर्म एयर सुविधा पोर्टल पर उपलब्ध होगा।
ये भी पढ़ें- Ukraine Crisis : रूस के साथ तनाव और गहराया! अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की चेतावनी
सिर्फ इन देशों के लिए लागू होंगे नए नियम
यह नियम सिर्फ उन 72 देशों के यात्रियों के लिए लागू होंगे जिनके वैक्सीनेशन प्रोग्राम को भारत सरकार ने मान्यता दी है। इन देशों में कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, बाहरीन, कतर, हॉन्ग-कॉन्ग, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और कुछ यूरोपीय देश शामिल हैं।