भोपालमध्य प्रदेश

VIDEO : विधायक रामबाई ने कलेक्टर को सुनाई खरी-खोटी, सबके सामने अपशब्द कहकर किया अपमानित; कलेक्टर ने कहा- FIR कराएंगे

प्रदेश के दमोह जिले की पथरिया विधानसभा से दबंग एवं तेजतर्रार विधायक रामबाई सिंह परिहार एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। उन्होंने अपने तीखे तेवर दिखाते हुए दमोह कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य को सार्वजनिक रूप से सबके सामने अपमानित किया है। उन्होंने कलेक्टर को ढोर, बेवकूफ और बदतमीज जैसे शब्दों का उपयोग करके अपना गुस्सा जाहिर किया।

महिलाओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची विधायक

दरअसल, पथरिया विधानसभा के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया था। जिसमें प्रमुख अधिकारी नहीं पहुंचे। यहां पर बहुत सारी महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंची थी। विधायक रामबाई को गुस्सा आया, तो वह उन महिलाओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गई। कलेक्टर को चैंबर से बाहर बुलाया और फिर उनका गुस्सा फूट पड़ा। विधायक ने महिलाओं की समस्याएं बताई, तो कलेक्टर ने नियमों का हवाला देकर कार्रवाई करने की बात कही।

रामबाई ने कहा- कलेक्टर हो कि ढोर

कलेक्टर द्वारा बार-बार चेक करा लेंगे कहने पर विधायक भड़क गई और उन्होंने अपना आपा खोते हुए कलेक्टर को ढोर, बेवकूफ और बदतमीज जैसे शब्द उपयोग किए। विधायक ने गुस्से में आकर कहा क्या आपकी आंखें फूट गई है, या फिर आप ढोर हो। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि तुझे 2 रुपए की अक्ल नहीं है।

कलेक्टर एसी चैंबर में बैठे रहते हैं : विधायक

कलेक्टर इस दौरान विधायक की बात को इग्नोर करते रहे और मौजूद महिलाओं से समस्या के समाधान का आश्वासन देते रहे। मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक ने बताया कि कलेक्टर एसी चैंबर में बैठे रहते हैं। जनता परेशान है और 15 साल से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

ये भी पढ़ें: VIDEO : विधायक रामबाई ने चौराहे पर मनाया जेल में बंद पति का बर्थडे, मलैया के पार्टी छोड़ने पर बोलीं- जिनको जाना है जाए… मेरा भी विचार नहीं 

मौके पर नहीं पहुंच रहे अधिकारी : विधायक

विधायक ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए शिविर आयोजित कर रहे हैं, लेकिन वह केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। कोई जवाबदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहा है, इसलिए लोगों को लेकर कलेक्ट्रेट आई थी। कलेक्टर को समस्या बताई तो वह बार-बार कह रहे हैं, जांच करा लेंगे, चेक करा लेंगे। इसलिए उन्हें गुस्सा आ गया।

कलेक्टर बोले- इस मामले में कराएंगे FIR

इस मामले में कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य का कहना है कि विधायक ने पूरे प्लानिंग के साथ यह हरकत की है। इसलिए वह उनके खिलाफ FIR करा रहे हैं। उन्होंने एसपी को इस मामले की जानकारी दे दी है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button