
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 6वां दिन है। इसी बीच केरल यात्रा के दूसरे दिन कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ड्रेस को लेकर एक विवादित ट्वीट किया है। इस तस्वीर के जरिए कांग्रेस ने आरएसएस-भाजपा पर निशाना साधा है, जिसके बाद सियासत गरमा गई है। वहीं बीजेपी ने भी सिख दंगों से लेकर मुंबई दंगों तक का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
पोस्टर पर जलता दिखा खाकी निक्कर
दरअसल, आज कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक हैंडल से आरएसएस की ड्रेस की एक तस्वीर साझा की गई, जिसमें एक खाकी हाफ पैंट एक तरफ से जलता हुआ दिखाया गया है। तस्वीर पर लिखा गया, ”145 दिन और चलना है।”
कांग्रेस ने इसके कैप्शन में लिखा है, देश को नफरत के माहौल से मुक्त करने और RSS-BJP द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई को पूरा करने के लक्ष्य की दिशा में हम एक–एक कदम बढ़ा रहे हैं। हमने अपने गोल की ओर बढ़ रहे हैं।
बीजेपी ने साधा निशाना
कांग्रेस के इस ट्वीट के बाद बीजेपी के नेता हमलावर हो गए। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने लिखा, देश को जलाने की कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। 1984 के दंगे हों, जलगांव हो, मुंबई, हाशिमपुरा, भागलपुर हो या मेरठ, ये लिस्ट लंबी है। उन्होंने आगे लिखा कि हमें ये भी याद करना चाहिए कि कैसे 1984 के दंगों को राजीव गांधी ने सही ठहराया था। उन्होंने कहा, कांग्रेस सिर्फ देश को जलाने के बारे में सोचती है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस का खानदानी पेशा है, या तो देश तोड़ेंगे या देश जलाएंगे।
क्या राहुल गांधी इस देश में हिंसा चाहते हैं?: संबित पात्रा
वहीं भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि यह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नहीं बल्कि ‘भारत तोड़ो’ और ‘आग लगाओ यात्रा’ है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने ऐसा किया है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या आप इस देश में हिंसा चाहते हैं? कांग्रेस को तुरंत इस तस्वीर को हटाना चाहिए।