Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

25 साल की संसदीय यात्रा को सलाम :छत्तीसगढ़ विधानसभा का पुराना भवन आज रिटायर... नवा रायपुर से शुरू होगा नया अध्याय

छत्तीसगढ़ विधानसभा का पुराना भवन आज रिटायर... नवा रायपुर से शुरू होगा नया अध्याय
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थित विधानसभा का पुराना भवन आज आखिरी बार सत्र की मेजबानी करेगा। 25 वर्षों तक राजनीति, बहस और तमाम ऐतिहासिक पलों का साक्षी रहा यह भवन 18 नवंबर को रिटायर हो जाएगा। इसकी विदाई के लिए एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है। जिसके बाद विधानसभा का कामकाज नवा रायपुर के नए भवन में शुरू होगा।

    क्यों बुलाया है विशेष सत्र?

    राज्य सरकार ने पुराने विधानसभा भवन को औपचारिक विदाई देने के लिए एक दिन का विशेष सत्र आयोजित किया है। इस सत्र का विषय पच्चीस वर्षों की संसदीय यात्रा रखा गया है। इसमें राज्य की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और समग्र प्रगति पर चर्चा होगी। साथ ही 25 सालों की यादें और ऐतिहासिक घटनाएं भी दोहराई जाएंगी।

    Uploaded media

    25 सालों का गवाह रहा यह सदन

    पुराना विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ के गठन (1 नवंबर 2000) के बाद बनाए गए शुरुआती ढांचों में से एक है। यहां चार मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल गुजरे और सबसे लंबा कार्यकाल रमन सिंह का रहा। जो वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष भी हैं। यही वह सदन है जहां पहली बार अविश्वास प्रस्ताव पर 19 घंटे लगातार चर्चा हुई, पहली बार सत्ता पक्ष के एक मंत्री ने ही वॉकआउट किया, कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए, बहसों, विरोध, राजनीतिक नाटकों और बड़े निर्णयों के रंग देखे गए।

    अस्थाई हॉल में शुरू हुआ पहला था सत्र

    बता दें कि, राज्य गठन के समय न विधानसभा भवन था न स्थायी राजधानी। इसलिए पहला विधानसभा सत्र रायपुर के राजकुमार कॉलेज के जशपुर हॉल में अस्थायी रूप से आयोजित हुआ। कुर्सियां, टेंट और फर्नीचर तक किराए पर लिए गए। इसी हॉल से छत्तीसगढ़ की संसदीय परंपरा की औपचारिक शुरुआत हुई।

    Uploaded media

    अब नया सफर नवा रायपुर से

    पुराने भवन को विदाई देने के बाद अगला सत्र नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा परिसर में आयोजित होगा। जिसका उद्घाटन हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। आज का सत्र केवल कार्यवाही नहीं बल्कि उन 25 वर्षों की लोकतांत्रिक यात्रा को याद करने का अवसर है। जिसने छत्तीसगढ़ को एक मजबूत राज्य के रूप में स्थापित किया।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts