राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा: अचानक खदान धंसने से 7 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां जगदलपुर से 11 किलोमीटर दूर ग्राम मालगांव में छुई (मिट्‌टी) खदान अचानक धंस गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, खदान में उत्खनन का काम चल रहा था। उसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और मौके पर मौजूद लोग इसमें दब गए। पास में ही खड़े अन्य मजदूरों ने इसकी जानकारी फौरन प्रशासन को दी। वहीं सूचना मिलते ही NDRD की टीम मौके पर पहुंची। इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक अब तक 7 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। मृतकों में 6 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल है। वहीं 5 और लोगों के खदान में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

खदान से छुई निकालते हैं ग्रामीण

दरअसल, रेत की खदान से ग्रामीण छुई निकालते हैं। छुई एक तरीके से चूने का स्वरूप है। ग्रामीण इसका उपयोग अपने घर की पुताई के लिए करते हैं। अक्सर ग्रामीण छुई खदान में घुसकर इसे खोद कर निकालते हैं। इसकी वजह से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

मिजोरम में खदान ढहने से हो गई थी 12 की मौत

मिजोरम के हनथियाल जिले में भी 14 नवंबर को ऐसा ही एक हादसा हो गया था। यहां खनन के दौरान एक पत्थर खदान ढह गई थी, जिसकी वजह से कई बड़े पत्थर ऊपर से टूटकर वहां काम कर लोगों पर गिर गए। मलबे के ढेर में दबे 12 मजदूरों की मौत हो गई थी।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button