सागर शराब कांड के बाद छत्तीसगढ़ में हड़कंप, अवैध शराब पर छग के सीमाओं में 24 घंटा रहेगा पहरा

यह भी पढ़ें: रायपुर निगम ने कसी कमर में अब राजस्व डिफॉल्टरों की खैर नहीं,10 संपत्तियों पर कुर्की की तैयारी
रायपुर: मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी अवैध शराब के खिलाफ निगरानी और जांच अभियान तेज करने का फैसला लिया है। आबकारी विभाग अब प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाएगा। अंतरराज्यीय सीमाओं, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में बने चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध वाहनों की सघन जांच के साथ अवैध शराब की सप्लाई चेन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बॉर्डर ही नहीं, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट भी रडार पर
अवैध शराब की आवाजाही रोकने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट को भी निगरानी के दायरे में रखा गया है। मंगलवार को वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के सचिव की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अभियान की समीक्षा के बाद अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: जातिवाद खत्म करो, आरक्षण छोड़ देंगे, रामदास आठवले का बड़ा बयान, बोले- जब तक जातिवाद रहेगा, आरक्षण भी रहेगा
पुलिस के साथ मिलकर बनेगी स्पेशल टीम
जिला स्तर पर पुलिस और दूसरे संबंधित विभागों के सहयोग से विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। इन टीमों का काम सिर्फ अवैध शराब पकड़ना नहीं होगा, बल्कि जहरीली शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली स्पिरिट कहां से आ रही है और इसकी सप्लाई कौन कर रहा है, इसकी भी जांच करना होगा।
स्पिरिट के सोर्स से सप्लाई चैन तक होगी पड़ताल
आबकारी विभाग संदिग्ध सप्लाई चैन की कड़ियों को खंगालेगा। अधिकारियों का फोकस इस बात पर रहेगा कि अवैध शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली स्पिरिट प्रदेश में किस रास्ते से पहुंच रही है और इसके पीछे कौन लोग या नेटवर्क सक्रिय हैं।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ कैबिनेट की आज बैठक, बिजली बिल से महतारी वंदन तक,इन मुद्दों पर मचेगा मंथन
हर दिन मुख्यालय पहुंचेगी कार्रवाई की रिपोर्ट
अभियान की निगरानी राज्य स्तर से की जाएगी। राज्य स्तरीय उड़नदस्ता के प्रभारी अधिकारी को इस अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी जिला कार्यालयों और उड़नदस्ता टीमों को रोज की कार्रवाई की समेकित रिपोर्ट अगले दिन दोपहर
12 बजे तक मुख्यालय भेजनी होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: राजधानी में बिजली सप्लाई का नया पावर हब तैयार, 40% आबादी को मिलेगा बड़ा फायदा
सागर कांड की जांच के लिए छत्तीसगढ़ भेजेगा 4 अधिकारियों की टीम
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग सागर में हुई घटना की पड़ताल के लिए चार अधिकारियों की टीम मध्य प्रदेश भेजने की तैयारी में है। आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने टीम भेजने की अनुमति के लिए विभाग के सचिव को पत्र लिखा है। प्रस्तावित टीम में अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव और पी.एल. साहू, बिलासपुर संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी उपायुक्त अजय सिंह धुर्वे और सहायक जिला आबकारी अधिकारी उमेश अग्रवाल शामिल हैं।
सागर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन से करेगी समन्वय
अधिकारी सागर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करेंगे। टीम जहरीली शराब की घटना से जुड़ी परिस्थितियों के साथ-साथ अवैध शराब की सप्लाई और इस्तेमाल की गई स्पिरिट के स्रोत से संबंधित जानकारी जुटाएगी। वापसी के बाद टीम अपनी रिपोर्ट छत्तीसगढ़ सरकार को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश में इस तरह की घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
अवैध शराब की सूचना देने के लिए 14405 नंबर
आबकारी विभाग ने आम लोगों से अवैध शराब के कारोबार की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 14405 पर शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा ‘मनपसंद’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी सूचना देने की सुविधा उपलब्ध है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शराब केवल अधिकृत दुकानों से ही खरीदें और संदिग्ध या अवैध शराब की जानकारी तत्काल विभाग को दें।




















