छत्तीसगढ़ कैबिनेट की आज बैठक, बिजली बिल से महतारी वंदन तक,इन मुद्दों पर मचेगा मंथन

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रदेशवासियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर आज सरकार की नजर रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बैठक में बिजली बिल से जुड़े मुद्दे, महतारी वंदन योजना के पोर्टल को दोबारा खोलने और खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी की तैयारियों समेत कई विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
बिजली बिल के मुद्दे पर सरकार की नजर
छत्तीसगढ़ में बिजली बिल का मुद्दा लगातार राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। विपक्ष इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में बिजली बिल से संबंधित विषय पर चर्चा और संभावित निर्णय पर सबकी नजर रहेगी। बिजली बिल पर सरकार राहत देगी, यही सवाल आज की कैबिनेट बैठक को लेकर सबसे अहम माना जा रहा है। हालांकि बैठक में अंतिम निर्णय क्या होगा, यह मंत्रिपरिषद की चर्चा के बाद ही स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें: राजधानी में बिजली सप्लाई का नया पावर हब तैयार, 40% आबादी को मिलेगा बड़ा फायदा
महतारी वंदन योजना में नए नाम जुड़ेंगे?
प्रदेश की महिलाओं से सीधे जुड़ी महतारी वंदन योजना को लेकर भी आज की बैठक महत्वपूर्ण हो सकती है। योजना में नए हितग्राहियों को जोड़ने के लिए पोर्टल दोबारा खोलने के प्रस्ताव पर कैबिनेट में चर्चा या निर्णय की संभावना जताई जा रही है। पोर्टल खुला तो हजारों महिलाओं को मौका मिल सकता है, नए पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़ने के लिए पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला होता है तो योजना से वंचित पात्र महिलाओं के लिए आवेदन का रास्ता खुल सकता है।
धान खरीदी 2026-27 की तैयारियों पर भी फोकस
छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और किसानों से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में धान खरीदी भी शामिल है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों को लेकर विभागीय स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी कैबिनेट के सामने रखे जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: रायपुर निगम ने कसी कमर में अब राजस्व डिफॉल्टरों की खैर नहीं,10 संपत्तियों पर कुर्की की तैयारी
किसानों के लिए खरीदी व्यवस्था कितनी तैयार?
धान खरीदी केंद्रों, प्रशासनिक तैयारियों और संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर सरकार की रणनीति पर बैठक में चर्चा हो सकती है।
5 अगस्त के बाद आज फिर कैबिनेट
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक 5 अगस्त को हुई थी। अब आज होने वाली बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार के स्तर पर मंथन की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में होगा सेवा संकल्प अभियान शुरू, 36 लाख दीयों जलाकर BJP करेगा उजाला
आज की बैठक पर क्यों है सबकी नजर?
आज की कैबिनेट बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें एक तरफ बिजली बिल जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा की संभावना है, वहीं दूसरी ओर महतारी वंदन योजना और धान खरीदी जैसे सीधे आम जनता एवं किसानों से जुड़े विषय भी एजेंडे में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।हालांकि बैठक में किन प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लगेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी कैबिनेट बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी।



















