अंतर्राष्ट्रीय

अगले साल होगी किंग चार्ल्स III की ताजपोशी, लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में होगा शाही समारोह

ब्रिटेन के महाराजा किंग चार्ल्स III की ताजपोशी अगले साल की जाएगी। इसके लिए 6 मई 2023 की तारीख तय की गई है। वेस्टमिंस्टर एबे में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जहां पर रॉयल फैमिली की परंपराओं के अनुसार किंग चार्ल्स की ताजपोशी होगी। बकिंघम पैलेस ने इसकी जानकारी दी। समारोह में किंग चार्ल्स III के साथ द क्वीन कंसोर्ट की भी ताजपोशी होगी।

किंग चार्ल्स की अगले साल ताजपोशी

रॉयल फैमिली ने इस बारे में एक विस्तृत बयान जारी कर कहा है कि, किंग चार्ल्स का राज्याभिषेक भविष्य की रूपरेखा तैयार करने का काम करेगा। इस कार्यक्रम में पारंपरिक उत्सव की झलक भी देखने को मिलेगी। एंग्लिकन कम्युनियन के आध्यात्मिक प्रमुख ही इस कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। पिछले 900 वर्षों से राज्याभिषेक समारोह वेस्टमिंस्टर एबे में आयोजित होता आया है। ऐसे में किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक के दौरान भी उस परंपरा का पालन किया जाएगा।

राज्याभिषेक समारोह में उन्हें ताज और शाही सामग्री से विभूषित किया जाएगा। महाराजा को उनकी पत्नी महारानी कैमिला के साथ ताज पहनाया जाएगा। बता दें कि इससे पहले क्वीन एलिजाबेथ को भी करीब 16 महीने इंतजार करना पड़ा था। फरवरी 1952 में पिता के निधन के बाद वो क्वीन बनी थीं, लेकिन जून 1953 में उनकी ताजपोशी हुई थी।

73 वर्ष के हैं चार्ल्स

प्रिंस चार्ल्स का पूरा नाम चार्ल्स फिलिप आर्थर जॉर्ज है, जो प्रिंस फिलिप और एलिजाबेथ द्वितीय के बड़े बेटे हैं। चार्ल्स का जन्म 14 नवंबर 1948, बकिंघम पैलेस में हुआ था। चार्ल्स ने 29 जुलाई, 1981 को लेडी डायना स्पेंसर से शादी की थी। दोनों के दो बेटे विलियम और हैरी हैं। 1996 में चार्ल्स और डायना दोनों अलग हो गए थे। 1997 में पेरिस में हुए एक कार हादसे में प्रिंसेस ऑफ वेल्स डायना की मौत हो गई। बाद में नौ अप्रैल, 2005 को चार्ल्स ने कैमिला पार्कर से शादी कर ली थी। चार्ल्स अभी 73 वर्ष के हैं। चार्ल्स के राजा बनने के बाद उनके बड़े बेटे ड्यूक ऑफ कैंब्रिज प्रिंस विलियम अब वेल्स के राजकुमार कहलाएंगे।

ये भी पढ़ें- ब्रिटेन के शाही परिवार में एक युग का अंत, क्वीन एलिजाबेथ-II के निधन के बाद चार्ल्स बने नए राजा; ऑपरेशन यूनिकॉर्न शुरू

क्वीन एलिजाबेथ ने 70 साल तक किया शासन

क्वीन एलिजाबेथ का 21 अप्रैल 1926 को जन्म हुआ था। उस वक्त ब्रिटेन में किंग जॉर्ज पंचम का राज था। एलिजाबेथ के पिता किंग जॉर्ज छह भी बाद में ब्रिटेन के राजा बने थे। क्वीन एलिजाबेथ का पूरा नाम एलिजाबेथ एलेक्जेंडरा मैरी विंडसर था। वे सबसे लंबे समय तक (70 साल) ब्रिटेन की क्वीन रहीं। उनके शासनकाल में ब्रिटेन को 15 प्रधानमंत्री मिले। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद अब उनके बेटे चार्ल्स (उम्र 73 साल) ब्रिटेन के नए राजा बनाए गए हैं। एलिजाबेथ II सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं बल्कि 14 और देशों की रानी रहीं।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

 

संबंधित खबरें...

Back to top button