Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी, पवन खेड़ा ने कहा- यह एक घटिया आदमी की बदतमीजी

भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी, पवन खेड़ा ने कहा- यह एक घटिया आदमी की बदतमीजी
नई दिल्ली। भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने एक जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने साझा करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा।

क्या कहा रमेश बिधूड़ी ने

जनसभा में रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी का नाम लेते हुए कहा, "लालू ने वादा किया था कि बिहार की सड़कों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना देंगे, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा।" यह बयान कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करते हुए दिया गया।

पवन खेड़ा ने साधा निशाना

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने X पर रमेश बिधूड़ी के बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "यह बदतमीजी सिर्फ इस घटिया आदमी की ही मानसिकता नहीं दिखाती, यह है इसके मालिकों की असलियत। ऊपर से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्कार आपको भाजपा के इन ओछे नेताओं में दिख जाएंगे।"

रमेश बिधूड़ी ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद रमेश बिधूड़ी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका बयान किसी को अपमानित करने के इरादे से नहीं था। उन्होंने कहा, "मैंने कोई विवादित बयान नहीं दिया है। कांग्रेस को अगर मेरे बयान पर ऐतराज है, तो पहले वह लालू यादव से कहे कि वे हेमा मालिनी से माफी मांगें, क्योंकि उन्होंने भी ऐसा बयान दिया था।" रमेश बिधूड़ी का यह बयान भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी सीट से भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है, जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री आतिशी से है।

पहले भी विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहे बिधूड़ी

रमेश बिधूड़ी का विवादों से पुराना नाता है। सितंबर 2023 में संसद के विशेष सत्र के दौरान बिधूड़ी ने बीएसपी सांसद दानिश अली पर अभद्र टिप्पणी की थी। विपक्ष ने इस बयान को लेकर भाजपा को घेरा था। भाजपा ने बयान की निंदा करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दानिश अली पर आरोप लगाया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अपशब्द कहे थे, जिसके जवाब में बिधूड़ी ने यह टिप्पणी की थी। 2017 में उन्होंने एक और विवादित बयान दिया था, जो काफी चर्चा में रहा।

2024 लोकसभा चुनाव में टिकट से रह गए वंचित

भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए रमेश बिधूड़ी को टिकट नहीं दिया था। माना जा रहा था कि उनके विवादित बयानों के कारण पार्टी ने यह कदम उठाया। हालांकि, 4 जनवरी को भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी की, जिसमें बिधूड़ी को कालकाजी से प्रत्याशी बनाया गया। उनका मुकाबला दिल्ली की मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी से कालकाजी सीट से उम्मीदवार आतिशी से होना है। ये भी पढ़ें- मालदीव ने वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट को झूठा करार दिया, कहा- दोनों देशों ने रिश्तों में दरार डालने की कोशिश
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts