भोपाल। एमपी नगर थाना क्षेत्र में निर्माण सदन में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने अपने साथी सुपरवाइजर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच सैलरी कम मिलने को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्साए गार्ड ने आपा खोते हुए साथी को गोली मार दी। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 9:30 बजे निर्माण सदन में तैनात गार्ड महेंद्र तिवारी और गार्ड सुपरवाइजर राजकुमार ठाकुर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह मामूली सा विवाद इतना बढ़ गया कि महेंद्र ने बंदूक उठाई और राजकुमार को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। गोली राजकुमार के सीने व पेट में दाहिने तरफ लगी। उसे तत्काल 1250 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों गार्ड सर्वोदय सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से निर्माण सदन में तैनात किए गए थे।