भदोही में दर्दनाक हादसा, बाइक नाले में गिरने से 3 युवकों की मौत; एक ही बाइक पर सवार थे तीनों

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवा गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और नाले में जा गिरी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिवाइडर से टकराकर नाले में गिरी बाइक
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। तीनों युवक काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर मेदिनीपुर जा रहे थे। इसी दौरान इटवा गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद हाईवे के किनारे बने नाले में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शी दिनेश कुमार ने बताया कि वह साइकिल से रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाइक को अनियंत्रित होकर गिरते देखा। बाइक पर तीन लोग सवार थे और तीनों नाले में गिर गए। उनके सिर में चोटें आई थीं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
विवेक, सूरज और पुनीत की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान विवेक (29), सूरज (20) और पुनीत (19) के रूप में हुई है। तीनों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूरज अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह हादसे वाले दिन ही सुबह सूरत से लौटा था। उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं। वहीं, विवेक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह गुजरात की एक कंपनी में मजदूरी करता था और उसके पिता भी उसी कंपनी में काम करते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। औराई क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




















