Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bengaluru News: धोती पहनकर पहुंचा किसान तो मॉल में एंट्री देने से किया इंकार..! वीडियो वायरल होने के बाद अब सात दिनों के लिए लॉक होगा शॉपिंग मॉल

Bengaluru News: धोती पहनकर पहुंचा किसान तो मॉल में एंट्री देने से किया इंकार..! वीडियो वायरल होने के बाद अब सात दिनों के लिए लॉक होगा शॉपिंग मॉल
बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को उस शॉपिंग मॉल को 7 दिन तक बंद करने का आदेश दिया है, जिसने एक किसान को धोती और एक सफेद कमीज पहने होने की वजह से कथित रूप से प्रवेश की अनुमति नहीं दी थी। किसान को मॉल में प्रवेश नहीं देने की घटना की विधानसभा में सभी पार्टी के सदस्यों ने कड़ी निंदा की है। GT World Mall में हुई घटना के बाद सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया, जिसके वीडियो भी खूब वायरल हुए।

विधानसभा में उठा मुद्दा, कही ये बात..

सरकार ने किसान के कथित अपमान को “गरिमा और स्वाभिमान” पर आघात बताया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहरी विकास मंत्री बी. सुरेश ने सदन को बताया, “मैंने बीबीएमपी (बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका) आयुक्त से पूछा कि क्या किया जा सकता है। सरकार के पास अधिकार है। (जी टी वर्ल्ड) मॉल के खिलाफ कानून के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाएगी और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि मॉल 7 दिनों के लिए बंद रहे।” वहीं समाज कल्याण मंत्री एच. सी. महादेवप्पा ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति के लिए आत्मसम्मान और गरिमा महत्वपूर्ण है, इसका उल्लंघन किया गया है और सरकार कार्रवाई करेगी।”

मॉल के सिक्योरिटी गार्ड ने कहा- पतलून पहनकर आएं

दरअसल, ये घटना मंगलवार (16 जुलाई) को उस समय घटित हुई जब हावेरी जिले के 70 वर्षीय फकीरप्पा अपनी पत्नी और बेटे के साथ मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने के लिए मॉल गए थे। फकीरप्पा ने कथित तौर पर सफेद कमीज और ‘पंचे' (धोती) पहन रखी थी। मॉल के सुरक्षा कर्मचारी ने उन्हें और उनके बेटे से कहा कि उन्हें धोती पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कर्मचारी से उनसे कहा कि वह “पतलून पहनकर आएं।”

पहनावे के कारण किसान का अपमान

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर ने यह मुद्दा उठाया और सरकार से कार्रवाई करने को कहा। रानीबेन्नूर से कांग्रेस विधायक प्रकाश कोलीवाड ने कहा कि किसान उनके निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले गांव का निवासी है। उन्होंने कहा, “ किसान ने अपने सभी 9 बच्चों को पढ़ाया लिखाया है। उनका एक बेटा यहां बेंगलुरु में एमबीए की पढ़ाई कर रहा है और बेटा अपने पिता को मॉल दिखाने ले जाना चाहता था। किसान के पहनावे के कारण उसका अपमान किया गया और मॉल को बंद कर देना चाहिए।” विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कहा कि इस तरह के मुद्दों पर सदन में पहले भी चर्चा हो चुकी है, लेकिन नतीजा क्या निकला। अध्यक्ष या सरकार को कुछ आदेश जारी करने होंगे, जिनका नौकरशाह सख्ती से पालन करें। ये भी पढ़ें- UP के गोंडा में रेल हादसा : चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 4 यात्रियों की मौत, 20 से ज्यादा घायल
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts