अंधेरे में रह रहे उमरिया के बाघन्नारा गांव के बैगा परिवार, पांच साल पहले खंभे-तार लगे पर बिजली नहीं आई

उमरिया जिले के बाघननारा गांव में पांच साल पहले बिजली के खंभे और तार लग गए थे, लेकिन यहां बिजली की सप्लाई अभी भी शुरू नहीं हो पाई है। पांच साल से ग्रामीण इंतजार कर रहे हैं कि अधिकारी उनकी मांग पर सुनवाई करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है।
Follow on Google News
अंधेरे में रह रहे उमरिया के बाघन्नारा गांव के बैगा परिवार, पांच साल पहले खंभे-तार लगे पर बिजली नहीं आई
दीये की रोशनी में पढ़ाई करते बच्चे।
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    संजय दुबे, जबलपुर। उमरिया जिले के आदिवासी विकासखंड पाली के अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदपुर का बाघन्नारा गांव में आजादी के 7 दशक बाद भी बिजली से महरूम है।  यहां के 100 से अधिक बैगा जनजाति परिवार लालटेन, ढिबरी और दीए की रोशनी में रात बिताने को मजबूर हैं।

    अधिकारी से मंत्री तक को आवेदन दिए

    गांव के पूर्व सरपंच छोटेलाल बैगा बताते हैं, लगभग चार-पांच साल पहले गांव में बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और तार तो लगा दिए गए, लेकिन आज तक सप्लाई शुरू नहीं हुई। अधिकारी से लेकर मंत्री तक को आवेदन दिया गया, पर सुनवाई नहीं हुई। होली, दीपावली, तीज-त्योहार सब दीपक और ढिबरी की रोशनी में ही मनाना पड़ता है।

    रात में दीया जलाकर करते हैं पढ़ाई

    गांव की सुलोचना बैगा, सुमन, पुष्पा बैगा, करण बैगा आदि प्रायमरी स्कूल में पढ़ते हैं। इन बच्चों का दर्द है कि रात में लाइट नहीं होने से हम पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। दीपक की रोशनी में परीक्षा की तैयारी करनी पड़ती है। बच्चों ने कहा, हम सरकार से मांग करते हैं कि हमारे गांव में भी बिजली की समस्या दूर करें, ताकि हम भी पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी पा सकें।

    युवाओं की शादी के लिए नहीं आते रिश्ते

    बाघन्नारा निवासी मोहन बैगा, छोटेलाल बैगा, रजिया बाई आदि ने बताया कि गांव में बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अंधेरे में डूबे गांव के युवाओं से शादी करने के लिए कोई रिश्ते लेकर आने को तैयार नहीं होता है।

    पानी की टंकी नहीं भर पा रही

    गांव के किसान सिंचाई सुविधाओं के अभाव में खेती नहीं कर पा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी से पानी सप्लाई बिजली के अभाव में बंद पड़ी है।

    गेंदी बाई बैगा, सरपंच, बाघन्नारा

    विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिए हैं

    पूर्व सरपंच सहित ग्रामीणों ने बिजली समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा है। संबंधित विभाग को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

    लक्ष्मीकांत शर्मा, तहसीलदार, पाली

    अधिकारी एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी

    बैगा आदिवासियों की विद्युत समस्या को लेकर जब मंगठार  उपयंत्री सुरुचि से बात की गई तो उन्होंने मानपुर जेई संदीप सोनी से बात करने को कहा। संदीप सोनी ने शहडोल के जेई अहिरवार का नंबर दिया, उन्होंने उपयंत्री राजेश कुमार प्रजापति से बात करने को कहा। प्रजापति ने इसे उमरिया जिले का मामला बताते हुए फोन काट दिया। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts