पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई की गुंडागर्दी, टोल मांगने पर टोलकर्मियों को पीटा, पुलिस ने दर्ज की FIR

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर मुश्किल से घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार वे अपने भाई की वजह से विवादों में आ गए हैं। धीरेंद्र शास्त्री के भाई सौरव गर्ग उर्फ शालिग्राम शास्त्री पर टोल प्लाजा कर्मचारियों से मारपीट का आरोप है। छतरपुर में टोल मांगने पर उसने अपने सहयोगियों के साथ टोलकर्मी पर हमला किया। इसको लेकर गुलगंज थाने में आईपीसी की धारा 323,294,506,427(34) के तहत शालिग्राम सहित लोगों पर मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
टोल मांगा तो कर दी मारपीट
जानकारी के अनुसार, ये घटना छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र के सागर रोड स्थित मंगवारी टोल प्लाजा पर गुरुवार रात की है। मुंगवारी टोल प्लाजा पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भाई शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ गाड़ी से जा रहा था। इस दौरान टोल प्लाजा पर उनकी गाड़ी को रोककर टोल मांगा, इस बात पर वे टोलकर्मियों पर भड़क गए और मारपीट कर दी। जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। इस घटना में 5 लोग घायल हो गए हैं। वहीं पुलिस ने टोलकर्मियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि इस केस में दोष सिद्ध होने पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। गुलगंज थाना पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री के भाई सहित 10 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी विवादों में रह चुका है शालिग्राम
बता दें कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के चचेरे भाई शालिग्राम गर्ग इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। फरवरी 2023 में मध्य प्रदेश की छतरपुर पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई सौरभ उर्फ शालिग्राम गर्ग के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।












