जबलपुर में महिला समूह के नाम पर बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर दो शातिर भाइयों ने लाखों रुपए हड़प लिए। बता दें कि पीड़ित लोगों के नाम से 25-25 लाख रुपए का बैंक लोन स्वीकृत करवा कर रकम अपने खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप है। वहीं पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी भाइयों सुरेश मतानी और महेश मतानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों भाई फरार हैं।
महिला समूह का लोन दिलाने का दिया लालच
विजय नगर पुलिस के अनुसार, माढ़ोताल निवासी 25 वर्षीय नरेन्द्र सिंह ठाकुर ने एक लिखित शिकायत में अपने और अन्य लोगों के साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी थी। वहीं शिकायतकर्ता के अनुसार वे घर-घर जाकर कार वॉशिंग का काम करता है। शांति नगर में सुरेश मतानी की भी कार वॉश करता था। सुरेश मतानी ने उससे एक दिन कहा कि मैं तुम लोगों का 25 से 50 हजार रूपए तक का महिला समूह लोन करा दूंगा, तुम आईडी लाकर दो। इसके बाद उसने लोन के लिए अपनी पत्नी ज्योति ठाकुर की आईडी सुरेश मतानी को दे दी।
अन्य लोग भी झांसे में आए
नरेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने साथ काम करने वाले कुछ और लोगों को भी बताया कि सुरेश मतानी महिला समूह लोन दिलाते हैं। अगर लोन लेना हो तो सभी लोग आईडी लाकर सुरेश मतानी को दे दो। सभी ने सुरेश मतानी को आईडी और अन्य कागज दे दिए। कुछ लोगों ने बैंक मे जाकर साइन भी किए। वहीं सुरेश मतानी ने कुछ लोगों की आईडी ये कह कर वापस कर दी कि उनका लोन स्वीकृत नहीं हुआ है।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पे लाखों रुपए
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ दिन पहले बैंक से आए अधिकारी ने बताया कि उसकी पत्नी ज्योति ठाकुर के नाम पर 25 लाख रुपए का लोन है। जो डिफॉल्ट हो गया है। इस मामले को लेकर नरेंद्र ठाकुर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि सुरेश मतानी और उसके भाई महेश मतानी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर 12 से 15 लोगों के नाम पर 25-25 लाख रुपए का लोन स्वीकृत करवा कर लोन की राशि हड़प ली।
क्राइम ब्रांच की टीम ने किया पर्दाफाश
जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि इस मामले की जांच पुलिस की क्राइम ब्रांच से करवाई गई। जांच में सुरेश मतानी और महेश मतानी का फर्जीवाड़ा सामने आया। दोनों आरोपियों ने महिला समूह का लोन दिलाने का झांसा देकर पीड़ितों से आईडी, मार्कशीट और कई जरूरी दस्तावेज लिए। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर विजय नगर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से नरेन्द्र सिंह ठाकुर की पत्नि ज्योति ठाकुर के नाम पर 25 लाख रुपए का लोन लिया। इस तरह से पूनम ठाकुर, प्रियंका ठाकुर, भारती सोनी सहित 12 लोगों के नाम पर भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर 25-25 लाख रुपए का लोन स्वीकृत करवा कर पैसे हड़प लिए।
दोनों भाइयों पर मामला दर्ज
बता दें कि शुरुआती जांच में शांतिनगर निवासी सुरेश मतानी और महेश मतानी दोषी पाए गए हैं। इस मामले में कुछ बैंक कर्मियों के भी शामिल होने की आशंका है। पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच करने में जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ विजय नगर थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे के नाम पर लोन की राशि हड़पने का मामला दर्ज कर लिया गया है।