मंदसौर में बड़ा हादसा : बाइक से टकराने के बाद कुएं में गिरी वैन, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 12, रेस्क्यू जारी

मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावत फंटे पर एक बेकाबू ईको वैन बाइक से टकराकर सीधे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो गई है। मरने वालों में एक स्थानीय ग्रामीण मनोहर सिंह भी शामिल हैं, जो वैन में फंसे लोगों को बचाने के लिए कुएं में उतरे थे।
SDERF टीम को बुलाया गया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य के लिए SDERF (स्पेशल डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम को बुलाया गया। टीम ने रस्सियों के सहारे कुएं में उतरकर शवों को बाहर निकाला। वहीं, क्रेन की मदद से वैन को भी कुएं से बाहर निकाला गया। हादसे के समय कुएं में करीब 8 से 10 फीट पानी भरा हुआ था, जिसे मोटर से निकालने का काम जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कुएं में अब कोई शव शेष न रह गया हो।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल 3 साल की बच्ची समेत चार लोगों को रेस्क्यू कर मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार की पहचान आबाखेड़ी निवासी गोबर सिंह के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वैन में सवार सभी लोग उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र स्थित आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।












