IND vs NZ 3rd ODI :भारत को मिला 338 रनों का टारगेट, मिचेल-फिलिप्स का शतक

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में भारत के सामने 338 रन का बड़ा लक्ष्य रखा है। इससे पहले इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
बल्लेबाजी करने आई कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दोनों ओपनर्स महज 5 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीसरा विकेट भी 58 रन के कुल योग पर गिर गया, जिससे न्यूजीलैंड दबाव में आ गया था।
मिचेल- फिलिप्स की शतकीय पारी
इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला। मिचेल ने शानदार 137 रन की पारी खेली, जबकि फिलिप्स ने 106 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रन की विशाल साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने निर्धारित ओवरों में 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
RO-KO का वन-डे ब्रेक
यह मैच भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी खास है। आज का मुकाबला खेलने के बाद दोनों खिलाड़ी अगले छह महीने तक इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहेंगे। रोहित और विराट टेस्ट और टी-20 से पहले ही संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में वे अब सीधे जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर वनडे खेलते नजर आएंगे।
सीरीज की बात करें तो भारत ने पहला वनडे 4 विकेट से अपने नाम किया था, जबकि दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से वापसी करते हुए बराबरी हासिल की। आज की जीत न्यूजीलैंड को भारत में पहली बार वनडे सीरीज जिताने का मौका देगी। अब तक की सात वनडे सीरीज में कीवी टीम को यहां हर बार हार का सामना करना पड़ा है।











