
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को गुजरात दौरे पर हैं। सीएम शिवराज गुजरात में चल रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में 10 घंटे में चार सभाएं करेंगे। आज सुबह सीएम गुजरात पहुंच गए हैं, जहां मुंद्रा एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बता दें कि सीएम शिवराज गुजरात के मांडवी, अबडासा, मोरवी और भावनगर विधानसभाओं में करेंगे चुनाव प्रचार।
इस प्रकार रहेंगी सीएम की सभाएं
- पहली सभा सुबह 10.30 बजे विधानसभा मांडवी जिला कच्छ में होगी। यहां भाजपा प्रत्याशी अनिरुद्ध भाई दवे के समर्थन में जनसभा करेंगे।
- दूसरी सभा दोपहर 12.30 बजे विधानसभा अबडासा जिला कच्छ में होगी। भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह जाडेजा के समर्थन में चुनावी जनसभा करेंगे।
- तीसरी सभा दोपहर 4 बजे विधानसभा मोरवी जिला मोरवी में होगी। भाजपा प्रत्याशी कांतिलाल अमृतिया के समर्थन में जनसभा करेंगे।
- चौथी सभा शाम 7.30 बजे विधानसभा भावनगर पश्चिम जिला भावनगर में होगी। भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र सावजी भाई वाघवानी के समर्थन में चुनावी सभा करेंगे। इसके बाद रात 11 बजे सीएम शिवराज का वापस भोपाल आगमन होगा।
मप्र कांग्रेस के तीन स्टार प्रचारक
गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस ने मध्यप्रदेश से तीन स्टार प्रचारकों के नाम शामिल किए हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, राज्यसभा सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया शामिल है। हालांकि, कमलनाथ के प्रचार में जाने को लेकर अभी कोई तारीख तय नहीं है।
MP के कई मंत्री-नेता ने गुजरात में डाला डेरा
गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, मध्यप्रदेश के कई मंत्रियों के साथ नेता भी कई दिन से गुजरात में डेरा डाले हुए हैं। नेताओं को विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है, जो बतौर प्रभारी मौजूद हैं। कई नेताओं को चुनावी मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। सीनियर लीडर्स की सभाएं भी हो रही हैं।
गुजरात में दो चरणों में मतदान
गुजरात विधानसभा में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 1 दिसंबर और दूसरे चरण में 5 दिसंबर को मतदान होगा। 8 दिसंबर को मतगणना होगी।
मुख्यमंत्री #शिवराज_सिंह_चौहान पहुंचे #गुजरात दौरे पर ,कुछ देर में करेंगे चुनावी सभा, मुंद्रा एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।#PeoplesUpdate @ChouhanShivraj #BJP #GujaratElections pic.twitter.com/q1cHAy8TwC
— Peoples Samachar (@psamachar1) November 18, 2022