
बंगलुरु। कर्नाटक के चर्चित सेक्स स्कैंडल में आरोपी जेडीएस नेता एचडी रेवन्ना और उनके बड़े बेटे प्रज्वल रेवन्ना के बाद अब छोटे बेटे सूरज रेवन्ना का नाम भी शामिल हो गया है। इस संबंध में कर्नाटक के हासन जिले के होलनरसिपुरा पुलिस स्टेशन में सूरज के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। शिकायतकर्ता ने सूरज पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 377, 342, 506 और 34 के तहत केस दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सूरज रेवन्ना ने 16 जून को उनके फार्म हाउस पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे पहले सूरज रेवन्ना ने दो लोगों के खिलाफ ब्लैकमेल के आरोप में भी एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें दावा किया गया था कि ये दोनों आरोपी उसे यौन शोषण के झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए पांच करोड़ रुपए की मांग कर रहे थे।
उलझा हुआ है मामला
इस मामले में सूरज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चेतन नाम के एक व्यक्ति ने अपने एक साथी की मदद से पहले सूरज के मित्र शिवकुमार से दोस्ती की। इसके बाद आर्थिक तंगी का हवाला दिया। इसके बाद शिवकुमार उन्हें लेकर सूरज रेवन्ना से मिला। इस दौरान चेतन और उसके साथी ने सूरज को बदनाम करने की धमकी देते हुए पांच करोड़ रुपए की डिमांड रखी। इस मामले में भी पुलिस ने आईपीसी की धारा 384 और 506 के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस ने सूरज के खिलाफ यौन शोषण के केस में एफआईआर दर्ज की है।
यह है कर्नाटक सेक्स स्कैंडल
देश की राजनीति में भूचाल लाने वाले कर्नाटक के चर्चित सेक्स स्कैंडल ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान जमकर सुर्खियां बटोरी थीं। इस केस में महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना को 24 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। फिलहाल बलात्कार और यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना जेल में हैं। वे हासन सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़े थे, लेकिन हार गए। 31 मई को जर्मनी से बेंगलुरु हवाई अड्डे पर लौटते ही एसआईटी ने प्रज्वल रेवन्ना को गिरफ्तार कर लिया था। प्रज्वल रेवन्ना के अब तक अलग-अलग लड़कियों के साथ 2500 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप की जानकारी सामने आई है। इनमें से कई वीडियो क्लिप चुनाव के दौरान जमकर वायरल की गई थीं। इसके अलावा जांच एजेंसी को एक पेन ड्राइव भी मिली है जिसमें प्रज्वल के कई अश्लील वीडियो हैं। प्रज्वल के खिलाफ पुलिस अब तक 3 अलग-अलग केस दर्ज हैं। प्रज्वल के खिलाफ दर्ज पहला केस 47 साल की पूर्व नौकरानी के यौन शोषण का है।
पिता भी रेप केस में बने आरोपी
नौकरानी के साथ बलात्कार के मामले में प्रज्वल के खिलाफ पहला केस दर्ज किया गया था। इसमें उसे मुख्य आरोपी न बनाकर सहायक आरोपी बनाया गया था। यह मामला भी 28 अप्रैल को हासन के होलेनारसीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। इस केस में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना मुख्य आरोपी हैं, जो फिलहाल जमानत पर हैं। प्रज्वल के खिलाफ दूसरा केस कर्नाटक सीआईडी ने दर्ज किया था। इसे 1 मई को दर्ज किया था, जिसमें 44 साल की महिला ने प्रज्वल पर कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाया है। इस केस में पीड़ित महिला जेडीएस की ही कार्यकर्ता है। इसके अलावा तीसरा केस भी रेप का ही है।
ये भी पढ़ें – INDORE NEWS: कर्ज में डूबे शौकीन युवाओं ने की 17 लाख की चोरी, 24 घंटे में हुआ खुलासा