कुत्तों के हमले में मासूम की मौत, पुलिस ने बच्चे का शव श्मशान से निकलवाया, कलेक्टर ने दिए FIR के निर्देश

भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर इलाके में कुत्तों के हमले में मरने वाले 7 माह के बच्चे का शव पुलिस ने शनिवार को श्मशान से निकलवाया। इसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। कुत्तों ने मासूम बच्चे का एक हाथ खा लिया था। पूरे शरीर पर जगह-जगह दांत और नाखूनों के निशान थे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उसे दफना दिया था। सोशल मीडिया से घटना का पता चलने पर पुलिस हरकत में आई और केस दर्ज किया था।
कलेक्टर ने दिए एफआईआर के निर्देश
नगर निगम कमिश्नर का कहना है कि जांच के बाद जो सामने आएगा, उस तथ्य पर कार्रवाई करेंगे। डॉग स्क्वॉड के जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ भी केस दर्ज किया जा सकता है। वहीं भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि इस मामले में एफआईआर के निर्देश दिए गए हैं।कार्रवाई में बाधा डालने वालों पर होगा एक्शन : कलेक्टर
इधर, कुत्तों के हमले में मासूम की मौत के मामले में भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का बयान सामने आया है। कलेक्टर बोले, ये संवेदनशील और दुखद मामला है। इस पर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया है। हमने एफआईआर के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियम अनुसार डॉग्स को पकड़ने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को 50,000 की सहायता दिलाई है और इसके अलावा भी राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त मदद मुहैया कराई जा रही है। सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो इसके लिए हम बड़े पैमाने पर अभियान चलाएंगे। वहीं निगम की टीम जब कुत्तों को पकड़ने पहुंची तो पेट लवर्स ने कुत्तों को पकड़ने नहीं दिया। इस पर कलेक्टर ने कहा कि जो कोई भी काम में किसी भी तरह से कोई बाधा डालेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। देखें वीडियो...












