गुजरात के वेरावल बंदरगाह पर पकड़ी गई 350 करोड़ रुपए की हेरोइन, नाव से लाई गई 50 किलो ड्रग्स; 9 गिरफ्तार

गिर सोमनाथ। गुजरात पुलिस ने गिर सोमनाथ जिले के वेरावल बंदरगाह पर आधी रात छापा मारकर 350 करोड़ रुपए कीमत की हेरोइन जब्त की है। जानकारी के अनुसार, करीब 50 किलो हेरोइन का जत्था समुद्र के रास्ते मछली पकड़ने वाली नाव से वेरावल लाया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को इस बात की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुबह सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
ऑपरेशन हेरोइन को दिया अंजाम
सुरक्षा एजेंसियों को हेरोइन के ट्रांसपोर्ट की जानकारी मिली थी। इसके बाद एटीएस, गिर-सोमनाथ एसओजी, एलसीबी, एफएसएल, मरीन पुलिस, वेरावल पुलिस और कोस्ट गार्ड ने ऑपरेशन शुरू किया। जिसके बाद शुक्रवार तड़के 50 किलो हेरोइन जब्त की गई। इसके साथ ही नाव में सवार 9 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, सभी से पूछताछ की जा रही है। इंटरनेशनल मार्केट के अनुसार, एक किग्रा हेरोइन की कीमत 7 करोड़ रुपए के आस-पास है।





















