ताजा खबरराष्ट्रीय

Wrestlers Protest : पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचीं प्रियंका गांधी, बजरंग पुनिया बोले- दिल्ली पुलिस कर रही परेशान

पानीपत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार (29 अप्रैल) सुबह उनसे मिलने पहुंची। शनिवार को इस प्रदर्शन का 7वां दिन है। बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे ओलंपिक पदक विजेता पहलवान इस प्रदर्शन की अगुआई कर रहे हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आज खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। बता दें कि, शुक्रवार को बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पहलवानों का धरना जारी है।

पुलिस पर परेशान करने के आरोप

रेसलर बजरंग पूनिया ने आरोप लगाया है कि, दिल्ली पुलिस धरने पर बैठे पहलवानों को परेशान कर रही है। रात में खाना खाते वक्त बिजली काट दी गई। पब्लिक टॉयलेट को भी पुलिस ने दूसरी जगह भिजवा दिया। पहलवानों का कहना है कि, जब तक न्याय नहीं मिलता, हम विरोध करेंगे, चाहे पुलिस प्रशासन हमें कितना भी प्रताड़ित करे। वहीं पहलवानों ने स्पष्ट कर दिया है कि बृजभूषण के जेल जाने तक धरना जारी रहेगा।

बृजभूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की हैं। महिला पहलवानों से मिली शिकायतों के आधार पर पहली- एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है।

क्या है मामला?

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक समेत 30 पहलवानों ने कुश्ती महासंघ और उसके अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 18 जनवरी को जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन शुरू किया था। संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कुछ कोच पर ओलिंपिक विजेता खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पहलवानों का दावा है कि कुश्ती महासंघ नियमों के नाम पर रेसलर्स का उत्पीड़न कर रहा है।

पहलवानों का कहना है कि, उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। WFI अध्यक्ष सरेआम पहलवानों के साथ अभद्रता करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। पहलवानों ने कुश्ती महासंघ को भंग करने की मांग उठाई है। बृजभूषण पर भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष पद छोड़ने का दवाब बनाया जा रहा है, लेकिन वह इस्तीफा देने को राजी नहीं हैं। आरोपों को झूठ बताते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, अगर आरोप सही साबित हुए तो मैं फांसी पर लटकने के लिए तैयार हूं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button