पश्चिम बंगाल में फिर ED का एक्शन : ममता सरकार के मंत्री और विधायक के घर छापेमारी, नगर निगम भर्ती घोटाला मामले में तलाशी जारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ईडी की टीम पर हुए हमले के बाद जांच एजेंसी एक बार फिर एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार (12 जनवरी) सुबह ED ने TMC नेता सुजीत बोस और विधायक तापस रॉय के ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि ED ने नगर निगम भर्ती घोटाला मामले में यह कार्रवाई की है। इसके अलावा ईडी उत्तरी दमदम नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और टीएमसी नेता सुबोध चक्रवर्ती के आवास पर भी छापेमारी कर रही है। हालांकि, छापेमारी को लेकर ED की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कोलकाता में रची गई साजिश !
जानकारी के मुताबिक, निकाय की भर्तियों में घोटाले की साजिश कोलकाता में रची गई। इसमें इन तीन नेताओं की भूमिका थी। इसी को लेकर ईडी की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की एक टीम अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस के लेक टाउन वाले ठिकाने पर पहुंची। दूसरी टीम TMC विधायक तपस रॉय के बीबी गांगुली स्ट्रीट वाले ठिकाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। वहीं तीसरी टीम उत्तरी दमदम नगर पालिका के पूर्व काउंसलर और TMC के मौजूदा पार्षद सुबोध चक्रवर्ती के घर छापेमारी कर रही है।











