Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आज फिर बरसेंगे बादल! झमाझम बारिश के बीच बदलेगा मौसम, देश के कई हिस्सों बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट

बुधवार को बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है। IMD ने कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश, आंधी और बिजली की संभावना जताई है। मंगलवार की बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं।
आज फिर बरसेंगे बादल! झमाझम बारिश के बीच बदलेगा मौसम, देश के कई हिस्सों  बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट
IMD ने कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली की संभावना जताई

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद तापमान में राहत महसूस हुई, वहीं मौसम विभाग ने आज भी कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। बिजली चमकने और आंधी की भी आशंका है। उधर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश ने परेशानी बढ़ा दी है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि उत्तराखंड में बारिश से जुड़ी घटनाओं में जानमाल का नुकसान हुआ है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच राजधानी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने जैसी स्थिति भी बन सकती है। शाम के समय भी हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें: Raipur: पूर्व CM भूपेश बघेल के करीबी PA और OSD के घर पर ED की दबिश से गरमाया सियासी माहौल

मंगलवार की बारिश से मिली राहत

मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हुई। इससे लंबे समय से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली। हालांकि तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं हुआ। राजधानी में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा था। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री रहा। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और नोएडा में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के साथ हवा में नमी भी बनी रही, जिससे कई इलाकों में मौसम सुहाना हुआ।

चित्रकूट में मंदाकिनी ने बढ़ाई चिंता

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में भारी बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब दो मीटर ऊपर पहुंच गया है। रामघाट इलाके में करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल पानी में डूबने की खबर है। प्रशासन ने आसपास के 36 गांवों को अलर्ट पर रखा है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भी बारिश के बाद बरसाती नदी में पानी तेजी से बढ़ गया। कई सड़कें और पुल पानी में डूब गए। चित्रकूट में भी नदी का पानी आसपास के इलाकों तक पहुंच गया है।

बिहार और उत्तराखंड में भी बारिश का असर

पटना में मंगलवार की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने पटना समेत बिहार के 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मंगलवार को 11 लोगों की मौत हुई। भारी बारिश की चेतावनी के चलते नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में बुधवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला किया गया है।

ये भी पढ़ें: नैनीताल में मूसलाधार बारिश से भारी तबाही, नदी में बह गए चिता पर रखे शव

3 और 4 सितंबर को भी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भी तेज बारिश की संभावना है। 4 सितंबर को मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और सिक्किम में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में जलभराव और खराब मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts